विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित आर-2 कैफे पर सिगरेट के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बिना रुपए दिए जा रहे युवक को कैफे स्टाफ ने रोका तो आरोपी ने अपने साथियों को बुलाकर स्टाफ पर लात-घूंसों और पत्थर से हमला कर दिया, जिससे स्टाफ के सिर से खून बहने लगा। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी व उसके साथियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
विजय नगर पुलिस के अनुसार, यह घटना आर-2 कैफे, विजय नगर पर हुई और इसकी शिकायत फरियादी राजकरण पिता धोराम श्रीवास, निवासी: शीतल नगर ने दर्ज करवाई है। फरियादी राजकरण ने बताया कि वे कैफे के काउंटर पर बैठे थे और उस समय वहां अन्य ग्राहक भी मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक सिगरेट लेने आया, जिसे सिगरेट देने के बाद जब उन्होंने रुपए मांगे तो वह बिना भुगतान किए ही जाने लगा। राजकरण ने तुरंत कैफे के स्टाफ रोहित पाल को आवाज देकर बताया कि वह युवक बिना रुपए दिए जा रहा है। जब रोहित ने कैफे के बाहर जाकर उस युवक से पैसे मांगे, तो आरोपी दिव्यांश के अन्य साथी भी वहां पहुंच गए और रोहित पाल को गालियां देने लगे। जब राजकरण और रोहित ने गालियां देने से मना किया, तो दिव्यांश और उसके साथियों ने रोहित के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे फरियादी राजकरण को भी आरोपियों ने धमकाया और रोहित को बचाने के प्रयास के बीच वहां पड़े पत्थर से हमला कर दिया। पत्थर लगने से रोहित पाल के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। विजय नगर थाना पुलिस ने फरियादी राजकरण श्रीवास की शिकायत पर आरोपी दिव्यांश और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 19 November 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



