विजय नगर थाना क्षेत्र में क्रिप्टो माइनिंग की मशीन और उपकरण सप्लाई करने का झांसा देकर लाखों रुपए एैंठने का मामला सामने आया है। पीड़ित को मशीन भेजने का झूठा आश्वासन देकर 3,78,930 रुपए की ठगी कर ली गई। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर ग्वालियर स्थित न्यूटेक सॉल्यूशन कंपनी के संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। विजय नगर पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई फरियादी आयुष पिता संजय बागा, निवासी स्कीम नंबर 74, विजय नगर की रिपोर्ट पर की गई है। फरियादी आयुष ने पुलिस को बताया कि वे और उनके साथी अविनाश मिलकर क्रिप्टो माइनिंग की मशीन खरीदकर व्यापार करना चाहते थे। इसी सिलसिले में उन्होंने ग्वालियर स्थित न्यूटेक सॉल्यूशन कंपनी के संचालक आरोपी नितेश अग्रवाल निवासी चावड़ी बाजार, जीवाजी चौक, ग्वालियर से संपर्क किया। आरोपी नितेश अग्रवाल ने उन्हें भरोसा दिलाया कि क्रिप्टो माइनिंग हेतु मशीन और उपकरण मुहैया कराना उसका रोजाना का काम है। आरोपी नितेश ने माइनिंग मशीन की कुल कीमत 4,80,000 रुपए बताई थी। उस पर विश्वास करते हुए पीड़ितों ने मशीन खरीदने के लिए आरोपी को कुल 3,78,930 रुपए का भुगतान कर दिया। रकम प्राप्त करने के बाद आरोपी लगातार मशीन भेजने का झूठा आश्वासन देता रहा। पीड़ित के अनुसार, आरोपी नितेश अग्रवाल की नीयत शुरू से ही अनैतिक रूप से पैसे ऐठने की थी और उसकी मशीन सप्लाई करने की कोई मंशा नहीं थी। इस तरह आरोपी ने झूठे वादे करके उनके साथ छल और जालसाजी की वारदात को अंजाम दिया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 19 November 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



