बाणगंगा थाना क्षेत्र में बीच सड़क पर ई-रिक्शा खड़ा करने से रोकने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति के साथ मारपीट और उसकी एक्टिवा में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाणगंगा पुलिस के अनुसार, यह घटना अरविंदो के आगे, भौंरासला चौकी के सामने हुई और इसकी रिपोर्ट फरियादी अनिरुद्ध सिंह पिता भूपेंद्र सिंह जादौन, निवासी दिव्य विहार कॉलोनी, सांवेर रोड ने दर्ज कराई है। फरियादी अनिरुद्ध सिंह ने पुलिस को बताया कि वे अपनी बेटी प्रिशा को स्कूल वैन में छोड़ने के लिए भौंरासला चौकी के सामने पहुंचे थे। उसी दौरान वहां एक ई-रिक्शा चालक ने अपना वाहन सड़क के बीचों-बीच खड़ा कर रखा था। ? अनिरुद्ध सिंह के मुताबिक, उन्होंने चालक से कहा कि वह गाड़ी थोड़ी साइड से लगा ले, ताकि आवागमन में परेशानी न हो। इतना कहते ही चालक गाली-गलौज करने लगा। जब उन्होंने गाली देने से मना किया, तो आरोपी ने उनके साथ झूमाझटकी और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपी ने खुद को टमटम रिक्शा वाला संतोष मालवीय निवासी रेवती रेंज बताया और गुस्से में आकर उनकी एक्टिवा पर पत्थरों से हमला कर तोड़फोड़ कर दी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 19 November 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



