खजराना थाना क्षेत्र स्थित महक वाटिका में चाय की दुकान पर बीड़ी-सिगरेट की दुकान लगाने के नाम पर अवैध पैसों की मांग करने और मना करने पर दो युवकों पर चाकू से हमला करने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया है।
खजराना पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर को फरियादी हरिओम परमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने साथी गौतम मुकाती के साथ महक वाटिका स्थित चाय की दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान पास की गली में रहने वाला विशाल वर्मा वहां पहुंचा और बीड़ी-सिगरेट की दुकान लगाने के एवज में अवैध रूप से रुपयों की मांग करने लगा। फरियादी और उसके साथी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी गाली- गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दोनों को घायल कर फरार हो गया था। मामले में खजराना थाना प्रभारी के.पी. यादव के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आम वाले खेत से आरोपी विशाल वर्मा पिता धर्मेंद्र वर्मा, निवासी धीरज नगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश में आरोपी के हाथ-पैर में चोट आई है। आरोपी के खिलाफ परदेशीपुरा थाने में पूर्व से मारपीट के आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 29 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





