डेली कॉलेज में आयोजित इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल के 12वें संस्करण के दूसरे दिन शनिवार को साहित्य, संगीत, लोक संस्कृति और समकालीन लेखन से जुड़े विविध विषयों पर संवाद हुए। सुबह कबीर की वाणी और लोकगायन से शुरू हुआ कार्यक्रम दिनभर कविता, पुस्तकों, नेतृत्व, लेखन और बदलते समय की कहानियों पर चर्चा से होते हुए शाम को कविता-शायरी और ओपन माइक तक पहुंचा। देशभर से आए साहित्यकारों, लेखकों, कलाकारों और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों ने अपने विचार और अनुभव साझा किए। सुनील पटेल ने कबीर वाणी की प्रस्तुति भी दी थी। राकेश जैन, रमेश गुप्ता, आर.के. शर्मा, प्रमोद कोठारी और दीप्ति शर्मा ने पुस्तकों और पाठकीय संस्कृति से जुड़े अनुभव साझा किए। ईश्वर शर्मा एवं वाणी जोशी ने सत्र का संचालन किया। वहीं ‘माटी महके, म्हारा गांव’ सत्र में पद्मश्री जगदीश जोशीला, माया बदेका, पूर्णिमा चतुर्वेदी, हेमलता शर्मा, मेघा परसाई और दीपक यादव ने ग्रामीण जीवन, मिट्टी और गांव से जुड़े अनुभवों पर संवाद किया। इस दौरान पद्मश्री जगदीश जोशीला ने मध्यप्रदेश की लोक बोलियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए अलग साहित्य अकादमी स्थापित करने का सुझाव दिया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 29 November 2026 के अंक में पृष्ठ 7 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






