सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

महंगा पड़ा सलाह देना…भड़के बदमाश ने कर दिया वार

कार का कांच भी फोड़ा, चेहरे पर लगी चोंट

इंदौर। बाणगंगा के मरीमाता गणेश मंदिर के सामने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने पर टोकना एक कार चालक को भारी पड़ गया। बाइक सवार और उसके साथियों ने कार चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट कर दी। इस दौरान एक आरोपी ने अपने हाथ में पहने लोहे के कड़े से पीड़ित के मुंह पर जोरदार हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं। बदमाशों ने पीड़ित की कार में भी तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। फरियादी की शिकायत पर बाणगंगा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी मोहम्मद रिजवान ने बाणगंगा थाने में उपस्थित होकर आपबीती सुनाई और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि वह अपनी कार से मरीमाता गणेश मंदिर के सामने से गुजर रहे थे, तभी सामने से एक अज्ञात बाइक सवार अत्यधिक तेज गति सेलापरवाहीपूर्वक निकला। इसपर रिजवान ने अपनी कार रोकी और बाइक सवार को रोककर कहा कि गाड़ी थोड़ी धीरे और संभालकर चलाओ। इतनी सी बात सुनते ही बाइक चालक आपा खो बैठा और भड़क गया। ? देखते ही देखते बाइक सवार के साथ कुछ अन्य अज्ञात व्यक्ति भी वहां पहुंच गए और रिजवान को घेरकर गालियां देने लगे। फरियादी ने जब गाली-गलौज करने से मना किया, तो सभी आरोपियों ने मिलकर उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच हमलावरों में से एक व्यक्ति ने अपने हाथ में पहना कड़ा निकालकर सीधे रिजवान के चेहरे पर मार दिया। कड़े के प्रहार से उनकी नाक, दोनों आंखों और चेहरे पर गहरी चोटें आईं और खून बहने लगा। इसके बाद भी आरोपियों का उपद्रव नहीं थमा और उन्होंने फरियादी की कार का पिछला कांच फोड़कर तोड़फोड़ की। शोर सुनकर राहगीरों के जुटने पर आरोपी मौके से भाग निकले। बाणगंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें