इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक युवक के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। ससुराल गए युवक के विवाद के बाद बिना बताए कहीं चले जाने और कई दिनों तक वापस न लौटने पर पत्नी ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका जताई है। महिला की शिकायत के आधार पर राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लापता युवक की तलाश शुरू कर दी है। राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार, मामले में पीड़िता प्रिया पति पीयूष नाईक, निवासी राजेंद्र नगर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि गत 19 सितंबर को घर के आभूषणों के संबंध में उनका अपने पति पीयूष नाईक के साथ विवाद हुआ था। विवाद के बाद उसी दिन शाम लगभग 8:00 बजे उनके पति धनवंतरी नगर स्थित उनके मायके में मौजूद थे, जहां से वे किसी को बिना कुछ बताए अचानक कहीं चले गए। घटना के बाद से ही परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे और संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। काफी समय बीत जाने के बाद भी पति के वापस न लौटने और कोई संपर्क न होने पर पीड़िता ने अनहोनी की आशंका जताई है। फरियादी को शंका है कि कोई अज्ञात बदमाश उनके पति पीयूष का अपहरण कर ले गया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



