इंदौर। गांधी नगर थाना क्षेत्र में पितृ पर्वत की पार्किंग में रंगदारी और अड़ीबाजी का मामला सामने आया है। शराब पीने के लिए रुपये मांगने पर जब पार्किंग कर्मचारी ने मना किया, तो बदमाश ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अनूप नगर गांधी नगरनिवासी दुर्गेश सोलंकी पिता गोवर्धन सोलंकी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुर्गेश ने बताया कि वह पितृ पर्वत स्थित पार्किंग में गाड़ियों को व्यवस्थित पार्क कराने का काम कर रहा था। इसी दौरान नैनोद मल्टी में रहने वाला कुख्यात बदमाश कपिल उर्फ काला चिंतामण वहां पहुंचा। आरोपी कपिल ने दुर्गेश से शराब पीने के लिए 500 रुपये की अड़ीबाजी की। जब फरियादी ने रुपये देने से साफ इंकार कर दिया, तो आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने दुर्गेश के साथ लात- घूंसों से मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी कपिल उर्फ काला के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 22 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



