तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में एक युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और अवांछित मैसेज भेजकर बदनाम करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी युवती का लगातार पीछा कर रहा था और उस पर दबाव बना रहा था। पीड़िता की शिकायत पर तेजाजी नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में रहने वाली 22 वर्षीय पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और केस दर्ज कराया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जंजीरवाला चौराहा निवासी आरोपी दिवेश रानीवाल पिछले कुछ समय से बुरी नीयत से उसका पीछा कर रहा था। मना करने के बावजूद आरोपी बाज नहीं आया और मोबाइल पर लगातार आपत्तिजनक मैसेज भेजकर उसे परेशान करने लगा। पीड़िता के मुताबिक, जब उसने आरोपी की हरकतों का कड़ा विरोध किया और बातचीत करने से स्पष्ट इनकार कर दिया, तो आरोपी दिवेश रानीवाल उसे सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से समाज में बदनाम करने की धमकियां देने लगा। आरोपी के लगातार बढ़ते उत्पीड़न और मानसिक दबाव से तंग आकर पीड़िता ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी और थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई। तेजाजी नगर पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी दिवेश रानीवाल के खिलाफ महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने, पीछा करने और धमकाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



