इंदौर। गौरी नगर में भंडारा खाने पहुंचे दो सगे भाइयों पर इलाके के नशेडियों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पेट और पैर में गहरे घाव लगने से एक भाई की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। बाणगंगा पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घायल भाइयों के नाम मुकेश और उसके छोटे भाई सुनील पिता मोहन मेढ़ा निवासी भवानी नगर रस्सी मैदान है। दोनो भाई पेशे से हम्माली का काम करते हैं। दोनों भाई मेले और भंडारे में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां घूम रहे कुछ नशेड़ी युवकों से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ी कि नशेडियों ने जेब से चाकू निकाल लिए। एक आरोपी ने मुकेश के पेट पर सीधा वार कर दिया। भाई को खून से लथपथ देख जब सुनील उसे बचाने दौड़ा, तो बदमाशों ने उस पर भी ताबड़तोड़ हमला कर उसके हाथ और पैरों पर चाकू से कई वार किए। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। परिजन और स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां मुकेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमलावर क्षेत्र में नशा करके अड़ीबाजी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस ने देर रात दो संदिग्धों को पकड़ा है, जिनसे अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 22 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



