रविवार, 8 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

महालक्ष्मी माता मंदिरों में सुबह से आस्था की दरकार

जयकारों के साथ हुई आरती

महालक्ष्मी माता मंदिरों में सुबह से आस्था की दरकार

आज सबसे बड़ा महापर्व दीपावली त्योहार मनाया जा रहा है। आज इंदौर के सभी महालक्ष्मी मंदिरों में अलसुबह से महालक्ष्मीजी की एक झलक और दरकार के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ है। राजवाड़ा लक्ष्मी मंदिर, गोवर्धननाथ मंदिर के सामने यशवंतगंज लक्ष्मी मंदिर, उषा नगर लक्ष्मी मंदिर, हरसिद्धि माता लक्ष्मी मंदिर, सिलावटपुरा लक्ष्मी मंदिर, खजराना गणेश मंदिर स्थित लक्ष्मी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में आज सुबह से भीड़ है। सभी मंदिरों में सुबह की आरती में भी जबर्दस्त श्रद्धा उपस्थिति के रूप में नजर आई। हर कोई आज महालक्ष्मीजी से मंगल कामना की आराधना कर रहा है। माँ की झलक के लिए अलसुबह से सभी लक्ष्मी माता मंदिर में भीड़ है। केवल माँ की एक झलक और गुहार के लिए भी श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। गोवर्धननाथ मंदिर के सामने स्थित लक्ष्मी मंदिर में आज सुबह आरती में भी जबर्दस्त श्रद्धालाओं का उत्साह दिखा। उषा नगर महालक्ष्मी मंदिर में महाआरती करने विधायक मालिनी गौड़ भी पहुंची। बड़ी संख्या में यहां श्रद्धालु मौजूद रहे।

महालक्ष्मी माता मंदिरों में सुबह से आस्था की दरकार
महालक्ष्मी माता मंदिरों में सुबह से आस्था की दरकार
महालक्ष्मी माता मंदिरों में सुबह से आस्था की दरकार

उकेरी जा रही है रंगोली

आज जगह-जगह रंगोली बनाई जा रही है। वैसे तो रंगोली धनतेरस से ही घर, दुकान, कार्यालय सहित अन्य जगह उकेरी जा रही है, लेकिन आज हर जगह बड़ी रंगोली उंकेरी जा रही है। खासतौर से महिलाएं, युवतियां और बालिकाएं अलग-अलग कलर के माध्यम से बडी रंगोली बना रही है और कई जगह पुरुष भी मदद कर रहे है।

उद्योगों में पूजन, घर और दुकान पर शाम को आराधना

आज सुबह से मुहूर्त में पूजन उद्योगों में शुरू हुए, मशीनों की पूजा की गई, महालक्ष्मीजी की आरती की गई और उसके बाद उद्योगों में सहयोगियों का तिलक निकालकर उन्हें दीपावली का तोहफा भी दिया गया। यही स्थिति आज अलग-अलग मुहूर्त में कॉलेज, स्कूल अन्य संस्थान में भी रहेगी। वहीं घरों और दुकानों में पूजन शाम के मुहूर्त में होंगे।

ठेकेदार अपने सहयोगियों को कर रहे हैं पुरस्कृत

आज दीपावली महापर्व पर पुरस्कृत करने का एक पुराना सिस्टम है। आज अधीनस्थ लोगों को पुरस्कृत किया जा रहा है उन्हें गिफ्ट में सामग्री दी जा रही है या लिफाफा दिया जा रहा है और सम्मानित भी किया जा रहा है।

कल से मिलने का दौर, भाईदूज भी दो दिन

आज दीपावली का महापर्व है। इस बार दीपावली का पर्व 6 दिवसीय मनाया जा रहा है। अब कल से दीपावली मिलन का आयोजन शुरू होगा। निकट के रिश्तेदार, नातेदार और दोस्तों के यहां भी पहुंचने का दौर शुरू होगा। वहीं मंदिरों में अन्नकूट भी शुरू होंगे, जो बाद तक जारी रहेंगे। भाईदूज के पर्व भी घरों में शुरू होंगे। बहन अपने भाइयों को भोजन कराएंगी और तिलक भी करेंगी और भाई अपनी बहनों से सुरक्षा का वादा भी करेंगे। कल सुबह गोवर्धन पूजा भी होगी। गाय, बछड़ा, भैंस को स्नान कराकर श्रृंगारित किया जाएगा। तिथि की घट-बढ़ के चलते इस बार दीपावली पर्व 6 दिवसीय मनाया जा रहा है।

पार्लर पर भीड़

दीपावली के पहले से लोग पार्लर पर पहुंच रहे हैं, महिला और पुरुष की पार्लर पर आज सुबह से भीड़ है। हर कोई अपने आपको दीपावली के महापर्व के लिए संवारना चाहता है। जिन लोगों को समय नहीं मिला वे आज कटिंग करवा रहे हैं और महिलाएं पार्लर पहुंचकर अपना मेकअप भी करवा रही है।

पटाखों की दुकानों पर देर रात तक रही भीड़

पटाखा फोडने वाले शौकीनों की कमी नहीं है। वैसे एक सप्ताह से पटाखा खरीदी का काम चल रहा है। विगत तीन दिनों से पटाखा दुकानों पर भीड दिखाई दे रही है। कल रात भी पटाखा दुकानों पर भीड थी। कई पटाखा दुकानों पर अलग-अलग वैरायटी के पटाखों की कमी भी दिखाई दे रही है, जो माल कम हो गया उसके दाम भी बढ़े हुए दिखाई दे रहे है।

इंदौर में आज करोड़ों के पटाखे में लगेगी आग

इंदौर में वैसे तो दो दिनों से पटाखे फूट रहे हैं, लेकिन आज महापटाखा दिन है। दीपावली की शाम से ही देर रात और कल अलसुबह तक पटाखा फूटेंगे। जानकारों का कहना है कि आज अकेले इंदौर में ही करोड़ों के पटाखे फूटेंगे और पटाखों के माध्यम से दीपावली का जश्न मनेगा।

आग लगने की आशंका के चलते फायर ब्रिगेड अलर्ट

आज दीपावली पर पटाखे छोड़ने की परम्परा है और इसी कारण कई जगह आगजनी की घटना भी होती है। आज फायर बिग्रेड पूरी तरह अलर्ट है, सभी कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त कर दी गई है, दमकल वाहन भी अलर्ट मोड पर है।

सरकारी अस्पताल में भी तैयारी

पटाखों से घायल होकर अगर कोई पहुंचता है तो उसके लिए एमवाय, जिला अस्पताल सहित अन्य जगह पूरी तैयारी की गई है। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविन्द घनघोरिया ने कहा कि पटाखा से कोई नुकसान आगजनी होती है तो तत्काल पानी से धोए और उस पर बर्फ का प्रयोग करे। घनघोरिया ने यह भी कहा कि दूध, ज्यूस नहीं लगाए।

एमजीएम मेडिकल कॉलेज से संबंधित सभी सरकारी अस्पतालों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 8 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 8 November 2026, पृष्ठ 3