बड़े मंदिरों के अलावा मोहल्लों में स्थित मंदिरों में भी कई आयोजन हो रहे है। शाम होते ही शहर का कोना-कोना रामभाजी की ‘श्री’ से महक उठेगा। सैकड़ों घरों में आज चूल्हा नहीं जलेगा।
रणजीत हनुमान, विद्याधाम, व्यंकटेश मंदिर, वीर अलीजा सहित कई मंदिरों में आज परम्परागत अन्नकूट महोत्सव होगा। सूरज ढलते ही रामभाजी की महक पत्तलों में प्रसाद के रूप में होगी। मंदिरों में सेवा देने के लिए हजारों युवा तैयार नजर आ रहे है। सभी मंदिरों में भक्त मंडल अलग-अलग व्यवस्था सम्भालेंगे। पौराणिक मान्यता अनुसार आंवला नवमी पर आंवले के पेड़ की पूजा और उसके नीचे बैठकर भोजन करने की परम्परा रही है। यही कारण है कि आज कई मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव होगा।
विद्याधाम में गोपाष्टमी पर गौसेवा
विद्याधाम मंदिर में कल गोपाष्टमी पर गौशाला में गायों का श्रृंगार हुआ। श्रद्धालुओं ने पूजन कर आरती उतारी, पेट पूजा कराई गई, गोवंश को छप्पन भोग भी लगाए और उनको व्यंजन भी परोसे गए, अन्नकूट आयोजन भी किया गया। आज सुबह से विद्याधाम सहित शहर के अन्य मंदिरों में स्थित आंवले के वृक्ष के नीचे भगवान हरि विष्णु का पूजन किया जा रहा है।
बड़ी संख्या में मातृशक्तियां आंवला वृक्ष का पूजन कर रही है। कल गौसेवा में करण मित्तल, विष्णु बिंदल, राम ऐरन, स्वामी शिवानंद ने भी शिरकत की थी। अब मंदिर में 20 नवंबर की शाम को देव प्रबोधिनी एकादशी पर तुलसी शालिग्राम विवाह होगा। इसके बाद मंगलवार, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का उत्सव भी मनाया जाएगा।
आज आंवला नवमी पर अन्नकूट महोत्सव भी शाम को आयोजित होगा, छप्पन भोग, महाआरती के बाद अन्नकूट शुरू होगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 18 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


