लसूड़िया पुलिस ने देवास नाका से निरंजनपुर के बीच घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को दबोचा है, जिसके कब्जे से अलग-अलग सिम कार्ड लगे 7 कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी अपनी पहचान छुपाकर लोगों को ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट का लालच देकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।
लसूड़िया पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देवास नाका से निरंजनपुर मार्ग पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध को रोककर उसकी तलाशी ली। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अनुरुद्ध कुमार पिता शिशुपाल सिंह चौहान, निवासी सनसिटी, सिंगापुर टाउनशिप बताया।
पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से चालू हालत में 07 कीपैड मोबाइल फोन मय एक्टिवेटेड सिम कार्ड बरामद हुए।
जब पुलिस ने जब्तशुदा सिम कार्ड्स के स्वामित्व, आईडी और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपी अनुरुद्ध ने कबूल किया कि ये सिम उसके नाम या पते पर पंजीकृत नहीं हैं और न ही उसे यह जानकारी है कि ये किसके नाम पर जारी की गई हैं।
उसने बताया कि वह अपनी असली पहचान छुपाने के लिए इन फर्जी सिम कार्डों का उपयोग टेली- कॉलिंग करने, लोगों को ज्यादा मुनाफे वाले ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट का झांसा देने और उनके साथ धोखाधड़ी करने में करता था।
लसूड़िया थाना पुलिस ने आरोपी अनुरुद्ध कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज/आईडी के दुरुपयोग और साइबर अपराध से जुड़ी संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने ये फर्जी सिम कहां से और किससे प्राप्त की थीं तथा अब तक वह किन-किन लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना चुका है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 18 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


