गुरूवार, 19 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

निवेश के नाम पर महिला से 5 लाख रुपए की ठगी

संयोगितागंज थाना क्षेत्र में एक शातिर ठग ने महिला को मोटा रिटर्न देने का झांसा देकर 5 लाख रुपए का निवेश करा लिया। समय बीत जाने के बाद आरोपी न…

संयोगितागंज थाना क्षेत्र में एक शातिर ठग ने महिला को मोटा रिटर्न देने का झांसा देकर 5 लाख रुपए का निवेश करा लिया। समय बीत जाने के बाद आरोपी न तो मुनाफा दे रहा है और न ही मूल रकम लौटा रहा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संयोगितागंज पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई फरियादिया दुर्गा भागवत निवासी रेडियो कॉलोनी की रिपोर्ट पर की गई है। फरियादिया दुर्गा भागवत ने पुलिस को बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि प्रांजल शर्मा निवासी ऋषि विहार, थाना तिलक नगर लोगों से पैसे लेकर अलग-अलग जगह निवेश करवाता है और उस पर अच्छा मुनाफा दिलवाता है।

प्रांजल की बातों और उसकी योजनाओं पर भरोसा करते हुए महिला ने अपने माता-पिता से मिले लगभग 5 लाख रुपए उसे निवेश करने के लिए दे दिए।

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि विश्वास में आकर उन्होंने अपनी मेहनत और परिजनों की जमा पूंजी आरोपी के पास जमा तो कर दी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी आरोपी प्रांजल शर्मा द्वारा न तो कोई रिटर्न दिया गया और न ही वह रकम वापस करने के अपने वादे को पूरा कर रहा है।

जब भी महिला अपनी मूल राशि वापस मांगती है, आरोपी हीला-हवाली कर टालमटोल करने लगता है। संयोगितागंज थाना पुलिस ने पीड़िता दुर्गा भागवत की शिकायत पर आरोपी प्रांजल शर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 18 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 18 November 2026, पृष्ठ 8