पंढरीनाथ थाना क्षेत्र के मच्छीबाजार चौराहे पर एक मामूली बात को लेकर खूनी संघर्ष सामने आया है। गुटखा पाउच खरीदने गए एक युवक पर एक आरोपी ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पंढरीनाथ पुलिस के अनुसार, यह घटना मच्छीबाजार चौराहे स्थित एक दुकान के पास हुई। मामला फरियादी मोहम्मद सलमान पिता हमीद, निवासी गीता नगर, चंदन नगर की रिपोर्ट पर दर्ज किया गया है। फरियादी मोहम्मद सलमान ने पुलिस को बताया कि वह मच्छीबाजार चौराहे पर अनिल की दुकान पर गुटखा पाउच खरीदने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान वहां आरोपी हाफिज आ धमका।
सलमान के अनुसार, हाफिज ने बिना वजह गालियां देना शुरू कर दिया। जब सलमान ने हाफिज को गालियां देने से रोका, तो आरोपी आगबबूला हो गया। उसने गुस्से में आकर अपनी जेब से कोई नुकीली चाकू जैसी चीज निकाली और सीधा सलमान के बाईं तरफ पेट में घोंप दी। इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा- तफरी मच गई।
पेट में चाकू लगने से सलमान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसके शरीर से खून बहने लगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 18 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



