द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में एक ही संपत्ति को फर्जी दस्तावेजों और नोटरी के जरिए अलग-अलग लोगों को बेचने का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति को मकान बेचने के बाद उसी संपत्ति को चुपचाप दूसरे व्यक्ति को दोबारा बेच दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुख्य विक्रेता, उसके परिजनों और खरीदार सहित सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
द्वारकापुरी पुलिस के अनुसार, यह मामला फरियादी अब्दुल खालिक पिता अब्दुल करीम, निवासी मयूर नगर बांक की रिपोर्ट पर दर्ज किया गया है।
फरियादी अब्दुल खालिक ने पुलिस को बताया कि 15 दिसंबर 2023 को आरोपी रहमत बी ने अपनी अचल संपत्ति ग्राम सिरपुर के खसरा नंबर 350 पैकी, स्थित कॉलोनी गीता नगर का भूखंड क्रमांक-62 जिस पर मकान निर्मित है उन्हें नोटरीकृत दस्तावेजों के माध्यम से बेची थी। इस सौदे के बाद वे उक्त मकान के धारक बने थे।
कुछ समय बीतने के बाद पीड़ित को जानकारी लगी कि आरोपी रहमत बी और कय्यूम अब्बासी निवासी गीता नगर, चंदननगर ने शातिर तरीके से मिलीभगत कर उसी मकान को 23 सितंबर 2024 को एक अन्य आरोपी रईस खान पिता सईद खान, निवासी इटावा, देवास को पुनः नोटरी के माध्यम से बेच दिया है।
इस पूरी धोखाधड़ी और षड्यंत्र में मुख्य विक्रेता से लेकर खरीदार और अन्य मददगारों की संलिप्तता पाई गई है। इस मामले में पुलिस ने इटावा देवास निवासी रईस खान, गीता नगर चंदननगर निवासी कय्यूम अब्बासी, मूल मकान मालकिन व विक्रेता रहमत बी, तथा षड्यंत्र में शामिल मंसूर के खिलाफ कार्रवाई की है।
इसके अलावा संपत्ति के इस फर्जीवाड़े में विक्रेता रहमत बी की तीनों बेटियों मकान नंबर 47 गीता नगर इंदौर निवासी रईसा बी पति मकबूल, इटावा उज्जैन रोड देवास निवासी मुनन बी पति सईद खान, और सदर बाजार मेन रोड इंदौर निवासी सुलताना बी पति सलीम खान की सहमति और संलिप्तता भी पाई गई है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 18 November 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



