गुरूवार, 19 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

लापता बेटी को ढूंढने गए पिता की बेरहमी से हत्या

मानपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लापता बेटी की ढूंढने गए पिता को आरोपियों ने लोहे की रॉड और बाइक की चेन…

मानपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लापता बेटी को ढूंढने गए पिता को आरोपियों ने लोहे की रॉड और बाइक की चेन से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गुस्साए रहवासियों ने देर रात थाना का घेराव कर जमकर हंगामा किया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी सहित परिवार के पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मानपुर पुलिस के अनुसार, यह वारदात ग्राम बिचौली में हुई। मृतक की पहचान महेश पिता घनश्याम निवासी ग्राम बिचौली के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। उनकी बेटी खेतिहर मजदूरी का काम करती थी।

शिकायतकर्ता चुबीबाई भूरिया ने पुलिस को बताया कि उनके भतीजे महेश की बेटी, आरोपी जादूसिंह की पत्नी कविता के साथ मजदूरी पर जाती थी। घटना वाले दिन जब बेटी घर पर नहीं मिली, तो चिंतित पिता महेश उसकी तलाश करते हुए आरोपी जादूसिंह के घर पहुंचे। वहां बेटी के संबंध में बात करने को लेकर आरोपी पक्ष से उनका विवाद हो गया।

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने महेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर उन्हें दीवार की तरफ धक्का देकर दबा लिया। इसी बीच आरोपी जादूसिंह, उसकी पत्नी कविता और उनके अन्य परिजन भी वहां आ गए और हिंसक हो उठे। आरोप है कि आरोपियों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए महेश पर लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल की चेन से हमला कर दिया।

इस गंभीर मारपीट में बुरी तरह लहूलुहान महेश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इधर, इस जघन्य हत्याकांड से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण भारी संख्या में मानपुर थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर दिया।

परिजन और ग्रामीण आरोपियों को तत्काल कड़ी सजा देने या उन्हें भीड़ के हवाले करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर किसी तरह स्थिति को शांत कराया।

मानपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जादूसिंह, उसकी पत्नी कविता सहित परिवार के पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 18 November 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 18 November 2026, पृष्ठ 11