युवा मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने कल 12 युवा मोर्चा जिला अध्यक्षों की घोषणा की। जैसे ही कल सूची जारी हुई वैसे ही इंदौर के युवा मोर्चा दावेदारों से लेकर उनके समर्थकों और नेता कार्यकर्ताओं ने इंदौर नगर और जिलाध्यक्षों के नाम भी इस सूची में खंगाले, लेकिन इन 12 नामों में इंदौर के नगर और जिला अध्यक्षों के नाम नहीं मिले, जबकि समीप के देवास के जिला अध्यक्ष, मंत्री, धार ग्रामीण जिला अध्यक्ष, उज्जैन के जिला अध्यक्ष महामंत्री की घोषणा हो गई। इधर जानकारों का कहना है कि युवा मोर्चेमें करीब 1 दर्जन दावेदार हैं और इनमें ज्यादातर की शिकायतों के पुलिंदे कई माह से भोपाल पहुंच रहे हैं। शिकायतें और गुटबाजी इतनी है कि युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष को इंदौर नगर और जिला के नाम तय करने में समय लग रहा है। इन नामों के पहले जब युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के दौरे तय हुए थे तब भी गुटबाजी के चलते तीन बार निरस्त हुए थे। आखिरकार एक बार श्याम टेलर का प्रवास कम समय के लिए इंदौर हुआ था। इंदौर में 9 ही विधायक भाजपा के हैं और दो सांसद इंदौर में हैं। ऐसे में सभी की पसंद और संगठन की पसंद में गुटबाजी के चलते युवा मोर्चे का एक नाम तय करना प्रदेश को आसान नहीं दिख रहा है। लंबे समय से अध्यक्ष का मामला लटका पड़ा है। अभी पुराने अध्यक्ष और उनकी इकाई काम पर लगे हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 21 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




