इंदौर (सिटी ब्लास्ट प्रतिनिधि)। फूटीकोठी-रिंगरोड द्वारकापुरी की सब्जी मंडी हटाने के बाद कांग्रेस की दूसरे दिन से ही इन्ट्री शुरू हो गई थी। सबसे पहले शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे की इन्ट्री हुई थी और उसके बाद निगम में नेताप्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट की दो बार वहां इन्ट्री हो चुकी है और कल मिमरोट ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाकर कर्मचारी पर हाथ उठाने का काम किया उसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष भेजा गया, जहां से उन्हें जेल भी भेज दिया गया।
अब शहर कांग्रेस अध्यक्ष का अगला कदम क्या होगा वह पता पड़ेगा, लेकिन इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की सीधी इन्ट्री भी हो गई है। अब कल शुक्रवार को जीतू पटवारी इंदौर आकर फूटीकोठी-द्वारकापुरी सब्जी मंडी पहुंचेंगे, इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे सहित अन्य कांग्रेसी भी मौजूद रहेंगे, जहां व्यापारियों के साथ पटवारी, चौकसे सहित कांग्रेसी सब्जी मंडी लगाने के दौरान शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: फूटी कोठी पर सब्जी मंडी को लेकर जंग! निगम-पुलिस ने नहीं लगने दी दुकानें, सड़क पर फेंकी सब्जी
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि द्वारकापुरी से नगर निगम के द्वारा सब्जी व्यापारियों को हटाया गया है। इन सब्जी व्यापारियों को काफी दूर चंदन नगर में जाकर दुकान लगाने के लिए कहा जा रहा है। यह कार्रवाई करने के पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने घोषणा की थी कि इस सब्जी मंडी को फूटी कोठी के फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे लगाया जाएगा।
अब नगर निगम अपनी घोषणा से पीछे हट रहा है ऐसी स्थिति में कांग्रेस के द्वारा सब्जी व्यापारियों के हितों के संरक्षण के लिए लड़ाई लड़ी जा रही है। कल भी भाजपा के नेताओं के दबाव में इन सब्जी व्यापारियों के लिए आवाज उठाने मैदान में उतरे कांग्रेस नेताओं के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज किया और नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट को जेल भेज दिया गया।
चौकसे ने कहा कि अब इस मामले की लड़ाई लड़ने के लिए कल शुक्रवार को शाम 4 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी आ रहे हैं। पटवारी यहां द्वारकापुरी की सब्जी मंडी पर जाएंगे और पुल के नीचे सब्जी व्यापारियों की दुकान खुद खड़े रहकर लगवाएंगे।
इस आंदोलन के माध्यम से कांग्रेस पूरे इंदौर के गरीब और पीड़ित नागरिकों को यह संदेश देना चाहती है कि उनके लिए संघर्ष करने के लिए कांग्रेस मैदान में है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 26 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




