प्रतिनिधि नितिन राठौर)। दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम सामने आने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस के भीतर मची अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सोशल मीडिया पर आ गई है,धार जिले में युवक कांग्रेस के एक अदने से कार्यकर्ता रत्नेश जांगड़े द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी ने राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। कार्यकर्ता ने सीधे तौर पर प्रदेश कांग्रेस के कद्दावर आदिवासी नेता और मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पर हमला बोला है, धार नगर युवक कांग्रेस से जुड़े रत्नेश जांगड़े ने दतिया चुनाव के नतीजों को लेकर फेसबुक पर एक तीखी पोस्ट साझा की,इस पोस्ट में उन्होंने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व और उनकी भूमिका पर कई गंभीर सवाल खड़े किए। राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर हैरानी है कि एक कनिष्ठ कार्यकर्ता ने पार्टी के इतने बड़े और शीर्ष पद पर बैठे आदिवासी चेहरे के खिलाफ सार्वजनिक रूप से मोर्चा खोल दिया है, उमंग सिंघार मध्य प्रदेश कांग्रेस के सबसे कद्दावर और प्रमुख आदिवासी नेताओं में गिने जाते हैं,वे धार जिले की गंधवानी विधानसभा सीट से लगातार चार बार विधायक चुने गए हैं और वर्तमान में सदन में प्रतिपक्ष के नेता हैं,अपने ही गृह जिले के एक युवा कार्यकर्ता द्वारा सार्वजनिक रूप से किए गए इस हमले को कांग्रेस के भीतर लंबे समय से चल रही आपसी गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है। इस फेसबुक पोस्ट के वायरल होने के बाद से ही कांग्रेस संगठन के भीतर अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा और अन्य विरोधी दलों को भी इस बहाने कांग्रेस पर तंज कसने का मौका मिल गया है। कांग्रेस के स्थानीय वरिष्ठ नेताओं में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है और संगठन स्तर पर कार्यकर्ता के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग उठने लगी है हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार या संगठन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




