भारतीय किसान एवं मजदूर सेना के अध्यक्ष बबलू जाधव ने सांची दुग्ध संघ पर आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही सांची दुग्ध संघ बेलगाम हो चुका है, जो किसानों की समस्याओं पर सुनवाई नहीं की जा रही है। जाधव ने कहा कि गांवों की सांची दूध डेयरियों द्वारा किसानों के लिए घी, पशु आहार सहित आवश्यक सामग्री की मांग किए जाने के बावजूद कई बार 15 से 20 दिन तक सामान उपलब्ध नहीं होता, जिससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। पूर्व में संचालक मंडल होने से किसानों की समस्याओं पर तत्काल सुनवाई होती थी, लेकिन अब व्यवस्था में किसानों की समस्याएं लंबित हो रही हैं। किसान पहले से ही दूध के उचित भाव को लेकर परेशान हैं। 150 से अधिक सांची दूध डेयरियों द्वारा दूध के दाम में 12 रु. प्रति फैट की मांग को लेकर ज्ञापन दिए जा चुके हैं। वहीं पिछले वर्ष का करीब 10 से 12 करोड़ रु. का बोनस अभी तक किसानों को नहीं मिला है तथा 5 रु. प्रति लीटर बोनस राशि की घोषणा भी पूरी तरह लागू नहीं हुई है। जाधव ने कहा ज्ञापन लेने के दौरान कई डेयरी अध्यक्षों और सचिवों ने सांची दूध संघ की व्यवस्थाओं में कमियां और कथित मनमानी की शिकायतें सामने रखीं। किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो भारतीय किसान एवं मजदूर सेना सांची दूध संघ की कार्यप्रणाली के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी और किसानों के हित में आंदोलन किया जाएगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 28 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




