मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
राजनीति

सामूहिक नेतृत्व और उम्र के पैमाने पर तय होगा नाम, दावेदारों ने तेज की लॉबिंग

धार (सिटी ब्लास्ट प्रतिनिधि नितिन राठौर)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नए जिला कप्तान की नियुक्ति को लेकर धार जिले के राजनीतिक गलियारों में हलचल और सुगबुगाहट बेहद तेज हो…

धार (सिटी ब्लास्ट प्रतिनिधि नितिन राठौर)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नए जिला कप्तान की नियुक्ति को लेकर धार जिले के राजनीतिक गलियारों में हलचल और सुगबुगाहट बेहद तेज हो गई है,अब सभी की निगाहें युवा मोर्चा की कमान पर टिकी हैं। संगठन स्तर पर नए चेहरों को आगे लाने और आगामी चुनावों के मद्देनजर युवा वोट बैंक को साधने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, भाजयुमो के प्रादेशिक नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि इस बार जिला अध्यक्षों की ताजपोशी किसी एक नेता की पसंद पर न होकर सामूहिक नेतृत्व के आधार पर होगी। संगठन ने इसके लिए एक सख्त फॉर्मूला और कई पैरामीटर्स तय किए हैं, जिन पर खरा उतरने वाले युवा नेता को ही जिले की कमान सौंपी जाएगी।

इस बार की नियुक्तियों में सबसे बड़ा पेंच उम्र सीमा को लेकर फंस रहा है। संगठन द्वारा तय की गई सख्त आयु सीमा के कारण कई पुराने और रसूखदार दावेदार इस रेस से बाहर होते नजर आ रहे हैं। इस बदलाव ने पार्टी के ऊर्जावान और जमीनी स्तर पर सक्रिय नए युवा चेहरों के लिए रास्ते खोल दिए हैं, जिससे जिले में नए समीकरण बन रहे हैं। सूत्रों बताते हैं कि धार नगर भाजपा के लिए अंकित भावसार, देवेंद्र रावल और लव प्रजापति का नाम पैनेल मे शामिल बताया जा रहा है, वही भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष जय सूर्या अपने चहेते मित्राें अजित जैन, कपिल यादव और गौरव रघुवंशी के लिए जोर आजमाईश कर रहे हैं, जिन्हे भाजयुमो प्रदेश महामंत्री जैन का सहयोग भी प्राप्त है। सूत्रों की माने तो वहीं एक अन्य दावेदार जन भागीदारी अध्यक्ष का भ्रष्टाचार संबधित फाइले भोपाल पर पहुँचने से उनका नाम पैनेल से कट गया है, उक्त भ्रष्टाचारी अध्यक्ष अब जिले महामंत्री बनने के लिए सांठगांठ कर रहे है। बात करे ग्रामीण की तो वहां से त्रषभ पाटनी, विश्वास सिंह चौहान और उज्ज्वल के नाम पैनेल में बताए जा रहे हैं। चूंकि मुख्य भाजपा संगठन ने धार जिले की कमान पहले ही धार नगर में महंत नीलेश भारती और धार ग्रामीण में चंचल पाटीदार को सौंपकर दो हिस्सों में बांट रखी है, इसलिए युवा मोर्चा में भी भौगोलिक और जातीय संतुलन बैठाना संगठन के लिए बड़ी चुनौती है, जिले के वरिष्ठ मंत्रियों, विधायकों और पूर्व जन-प्रतिनिधियों ने अपने-अपने चहेते समर्थकों के नामों को आगे बढ़ाने के लिए भोपाल और इंदौर स्तर पर लॉबिंग तेज कर दी है। जिला स्तर पर संभावित दावेदारों के नामों का पैनल तैयार करने के लिए गुप्त बैठकों का दौर पूरा हो चुका है। माना जा रहा है कि प्रदेश संगठन की हरी झंडी मिलते ही धार भाजयुमो के नए जिलाध्यक्ष के नाम का आधिकारिक ऐलान जल्द ही कर दिया जाएगा। फिलहाल किसे मिलेगा धार का ताज इसे लेकर कयासों का बाजार गर्म है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें