‘प्रवेश भैया आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, उनकी सोच और लोगों के लिए किए गए कार्य हमेशा हमारे बीच जीवित रहेंगे। उनका जीवन सेवा और आत्मीयता की मिसाल था।’ आयोजन में वक्ताओं ने कुछ इन्हीं भावनाओं के साथ स्वर्गीय प्रवेश अग्रवाल को याद किया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री, सौम्या ग्रुप से जुड़े एवं नर्मदा युवा सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय प्रवेश अग्रवाल के जन्मदिवस के अवसर पर ‘प्रवेश का प्रवाह’ नाम से विशेष आयोजन किया गया। कांग्रेस कोषाध्यक्ष शैलेश गर्ग ने बताया आयोजन में शहर की राजनीतिक, सामाजिक और उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। प्रवेश अग्रवाल का करीब 10 महीने पहले महिंद्रा शोरूम के ऊपर लगी आग की घटना में दुखद निधन हो गया था। उनकी जन्म जयंती के अवसर पर सौम्या ग्रुप की एमडी श्वेता प्रवेश अग्रवाल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मौजूद पारिवारिक सदस्यों और वरिष्ठ हस्तियों ने प्रवेश अग्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। विनोद अग्रवाल, पुरुषोत्तम अग्रवाल, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, राकेश शुक्ला, चिंटू चौकसे, विनय बाकलीवाल, मनोज राजानी, राजू भदोरिया, टीकमचंद गर्ग, और रितु केडिया सहित कई कार कम्पनियों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




