मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
राजनीति

प्रदेश कांग्रेस में अगले माह मिल सकते हैं 200 नए पदाधिकारी

इकाई को भंग करने की बात कमेटी में कही गई, अधिकृत पत्र जारी नहीं हुआ

दो दिन पहले मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस पोलिटिकल अफेयर कमेटी की बड़ी बैठक भोपाल में आयोजित हुई थी। कई मुद्दों के साथ एक लाइन का प्रस्ताव यह भी था कि वर्तमान प्रदेश पदाधिकारियों की इकाई को भंग किया जाए और नई इकाई बनाई जाए। यह आदेश प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने मौखिक रूप से दिया था और अभी तक कोई पत्र भी प्रदेश इकाई भंग करने का नहीं निकला है।

अभी प्रदेश कांग्रेस में 328 पदाधिकारी है और ऐसा माना जा रहा है कि इनकी छटनी कर 200 पदाधिकारियों की नई टीम बनाई जाएगी। मीटिंग में मौजूद नेताओं से कहा गया था कि एक माह में पदाधिकारियों का गठन करना है इसके लिए चुनिंदा वे भी दे दें। जिस तरह के संकेत बैठक में दिए गए थे कि पदाधिकारी नए बनाए जाए और पुरानों को भी तवज्जो दी जाए उससे लगता है कि नए लोगों को ज्यादा तवज्जो मिलेगी। कुल मिलाकर कांग्रेस निकाय के बाद विधानसभा चुनाव के मोड पर है, इसी कारण संगठनात्मक सर्जरी की जा रही है। नई कार्यकारिणी में कई चेहरे बदलने की कवायद भी की गई है। दिग्विजय सिंह भी वर्चुअल रूप से शामिल हुए थे। बड़े नेताओं में हरीश चौधरी, जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, विवेक तन्खा, अजय सिंह, डॉ. गोविंद सिंह, कमलेश्वर पटेल, कांतिलाल भूरिया, सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, विजयलक्ष्मी साधो, तरुण भनोट, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, शोभा ओझा, फूल सिंह बरैया, विक्रांत भूरिया, आरिफ मसूद, घनश्याम सिंह, प्रवीण पाठक सहित अन्य शामिल हुए थे। इस बार प्रदेश कार्यकारिणी में जमीनी कांग्रेस नेता- कार्यकर्ताओं को लिया जाएगा। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के समर्थकों के नाम भी शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया पहले से ही शुरू की हुई है। पूर्व में कांग्रेस ने सभी विभाग, प्रकोष्ठ और सभी इकाइयों को भंग कर दिया था और स्पष्ट संकेत दिए जा रहे हैं कि सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही अवसर दिया जाएगा। सभी जगह नए सिरे से नियुक्तियां होगी। प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिल सकता है। आगामी चुनाव को देखते हुए ही संगठन का रोड मैप तैयार किया जा रहा है। प्रदेश से लेकर बूथ तक का संगठन मजबूत करने की कवायद में बदलाव की बयार चल रही है, जिससे कार्यकर्ता और पदाधिकारी बूथ स्तर पर जनता के बीच पहुंच सके। संकेत तो यह भी मिले है कि जिन्हें महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष और विधानसभा चुनाव लड़ना है ऐसे करीब एक दर्जन प्रदेश भर में से शहर और जिला अध्यक्षों को बदलने की कवायद भी है। निष्क्रिय पदाधिकारियों की जगह सक्रिय पदाधिकारियों को प्रदेश से लेकर प्रकोष्ठ विभाग इकाइयों में जगह मिलेगी। युवा चेहरों को भी अच्छी तवज्जो दी जाएगी। अभी इंदौर से प्रदेश कांग्रेस में विनय बाकलीवाल, रघु परमार,अभय वर्मा,अमन बजाज, दीपक पिंटू जोशी, सोहराब पटेल, जौहर मानपुरवाला, राजा चौकसे, अनुरोध ललित जैन, विक्रम चौधरी, विनीतिका दीपू यादव शामिल थे वही व्यापारिक एवं औद्योगिक प्रकोष्ठ में अरविंद बागड़ी कौमी एकता एवं सद्भावना प्रकोष्ठ में सच सलूजा प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व निभा रहे हैं। इंदौर के कई नेताओं ने कल से ही अपने आकाओं को उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव का प्रदेश पद के लिए फोन लगाना शुरू कर दिया है। फिर पद की जुगाड़ में लग गए हैं। शहर इकाई में भी नए लोगों को तवज्जो दी गई थी। कई पुराने नेता का पत्ता कटा था, वे भी अब प्रदेश इकाई तो कुछ प्रकोष्ठ, तो कुछ विभाग में बनने की जुगाड़ में लग गए हैं। इंदौर शहर और जिला महिला कांग्रेस में भी सक्रिय महिला नेत्री को पद मिलने की संभावना है, क्योंकि दो दिन पहले ही रीना बौरासी को स्पष्ट संकेत दिए थे कि युवा महिलाओं को अध्यक्ष बनाया जाए। इसी तर्ज पर अब प्रदेश कांग्रेस में भी ज्यादा वरिष्ठ लोगों को तवज्जो नहीं मिलेगी ऐसा लगता है उन्हें मार्गदर्शक मंडल में रखा जाएगा या विशेष आमंत्रित में रखा जाएगा। अब प्रश्न यही है कि कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने के लिए वरिष्ठों को दरकिनार कर नए और सक्रिय कार्यकर्ताओं को मौका देंगी। देखना होगा कि इंदौर के पुराने पदाधिकारी कितने अपनी जगह बचा पाते हैं। इंदौर के नेता सारे बड़े नेताओं से अलग-अलग जुड़े हैं। अब देखना होगा कि एक माह बाद जो नई सूची जारी होगी उसमें इंदौर शहर और जिला से कितने नेता अपना राजनीतिक चेहरा प्रदेश कांग्रेस में दिखा पाते हैं यह अब सूची ही बताएगी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें