विधानसभा 5 के वार्ड क्रमांक 51 में स्थित विराटनगर खाली मैदान में अब आने वाले दिनों में बेहद जल्द अगले साल क्षेत्र में एक और नवीन गार्डन का निर्माण और विकास कार्य शुरू होगा, जिसके लिए क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया और वार्ड 51 के पार्षद मलखान कटारिया के लगातार प्रयासों से निगम ने यहां की फाइल मंजूरी के बाद अब जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू कर काम भी शुरू करने की तैयारी है, जिसके अंतर्गत निगम द्वारा चौधरी पार्क के पास विराट नगर पुलिया के पास स्थित सालों पुराने खाली मैदान पर लोगों के कब्जे और अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए शासकीय भूमि पर विधायक और पार्षद की मांग पर क्षेत्र के रहवासियों के लिए एक भव्य बगीचे के निर्माण को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।
बड़ी बात यह है कि वार्ड 51 के अंतर्गत आने वाले विराट नगर क्षेत्र में बनने वाले इस नए बगीचे में क्षेत्र के बच्चों से लेकर बड़ों तक सीनियर सिटीजन और खासकर महिलाओं के मनोरंजन और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए हरियाली, आकर्षक लाइटिंग, शानदार बैठक व्यवस्था और सुबह-शाम योग और जिम के लिए आधुनिक उपकरण भी लगाए जाएंगे।
साथ ही बगीचे में सुबह- शाम घूमने के लिए लंबा-चौड़ा वॉकिंग ट्रेक भी बनेगा। क्षेत्र के मध्यम वर्गीय जरूरतमंद परिवार और क्षेत्र के ज्यादा से ज्यादा रहवासी घर के नजदीक वाले नए बगीचे में विधायक व पार्षद द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।
साथ ही बच्चों को मनोरंजन के लिए बगीचे में झूले, चकरी से लेकर फिसल पट्टी और अन्य मनोरंजन के साधन उपलब्ध रहेंगे।
पार्षद कटारिया ने बताया क्षेत्र के बुजुर्ग और सीनियर सिटीजनों के लिए बगीचे में छत वाले झूले और स्वस्थ रहने के लिए विधायक हार्डिया के प्रयासों से जिम के उपकरण भी लगाए जाएंगे, जहां क्षेत्र की महिलाएं और युवाओं से लेकर सीनियर सिटीजन भी स्वस्थ रहने के लिए व्यायाम कर सकेंगे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 18 November 2026 के अंक में पृष्ठ 7 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


