एक तरह से आज प्रदेश कांग्रेस की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ की बड़ी राजनीतिक इन्ट्री हो रही है। कमलनाथ वयोवृद्ध नेता हो चुके हैं। ऐसे में उनके उत्तराधिकारी के रूप में अब उनके समर्थक नकुलनाथ को कमलनाथ की राजनीतिक गद्दी का उत्तराधिकारी बना रहे हैं। आज दीपावली मिलन भोपाल में नाथ बंगले पर हो रहा है।



बड़ी संख्या में प्रदेश भर से समर्थक भोपाल पहुंचे, जिसमें इंदौर के समर्थक भी है। इंदौर के कुछ समर्थक कल रात को ही भोपाल पहुंच गए थे। प्रदेश के कई नेताओं ने भोपाल बंगले के आसपास पोस्टर लगाए हैं, पोस्टर में यह भी लिखा कि मध्य प्रदेश की मजबूरी नकुलनाथ जरूरी है। इस नारे ने हाल ही में भोपाल की सियासत में जोरदार चर्चा छेड़ दी है।
यह पोस्टर नकुलनाथ की वापसी को लेकर बढ़ती चर्चाओं को और हवा दे रहे हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि इन ज्यादातर पोस्टर में जीतू पटवारी और उमंग सिंघार जैसे बड़े नेताओं के फोटो नहीं है, इससे अंदरुनी गुटबाजी पर भी सवाल उठने लगे हैं। कई पोस्टर तो कल सुबह ही लग गए थे उन्हें नगर निगम भोपाल ने हटाया भी था। इस पर विवाद भी हुआ था।
स्थानीय भोपाल समर्थकों ने भी पहले से ही पोस्टर लगा दिए थे। नरेला विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार रहे मनोज शुक्ला भी निगम से पोस्टर हटाने के मुद्दे पर भिड़े थे। पहले भी नकुलनाथ प्रदेश की राजनीति से जुड़ना चाह रहे थे, लेकिन छिंदवाड़ा में नकुलनाथ 2024 का लोकसभा चुनाव हारे उसके बाद राजनीतिक मुख्य धारा से इन ढाई साल से दूरी बनी हुई थी।
आज मिलन के बहाने उनकी प्रदेश कांग्रेस में वापसी हो रही है और कांग्रेस के समीकरण में बदलाव की संभावना भी बढ़ गई है। कमलनाथ का 80वां जन्मदिन भी चार दिन बाद 18 नवम्बर को आ रहा है और नाथ के जन्मदिन पर नकुलनाथ के प्रदेश की राजनीति में स्थापित होने से जोड़कर देखा जा रहा है।
आज सुबह कमलनाथ और नुकलनाथ के कट्टर समर्थक गजेन्द्र वर्मा कई वाहनों के काफिले और साथियों के साथ निकले। वहीं पुराने समर्थक केके यादव भी आज वाहनों के काफिले के साथ निकले। शहर कांग्रेस के संगठन महामंत्री संजय बाकलीवाल, कोषाध्यक्ष शैलेष गर्ग भी दीपावली मिलन के आयोजन के लिए नाथ के बंगले पर पहुंचे।
प्रेम खड़ायता, विनय बाकलीवाल भी साथियों के साथ भोपाल पहुंचे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 14 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



