सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र के नॉर्थ तोड़ा इलाके में हुई एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच पूरी कर ली है। जांच में हुए खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
सेंट्रल कोतवाली पुलिस के अनुसार, यह घटना बीते 9 नवंबर को रात करीब 8 बजे नॉर्थ तोड़ा क्षेत्र में हुई थी। यहां रहने वाले संदीप पिता ओमप्रकाश उर्फ गम्मू वर्मा की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मर्ग जांच शुरू की थी।
मर्ग जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि आपसी विवाद के दौरान आरोपी अनिल वर्मा निवासी नॉर्थ तोड़ा ने संदीप को जोरदार धक्का दे दिया था। इस धक्के के कारण उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मृत्यु हो गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिल वर्मा के विरुद्ध बीएनएस की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और आरोपी की तलाश में जुटी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 14 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




