बाणगंगा थाना क्षेत्र में सरकारी बोरिंग से पानी भरने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोपियों ने पानी भरने का विरोध करते हुए पहले महिला के साथ गाली-गलौज की और बीच-बचाव करने आए मकान मालिक व उनके भाई पर चाकू, डंडे तथा ईंट से हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात बाणगंगा थाना क्षेत्र के शीतल नगर की है। जहां रहने वाली फरियादी सोनम परमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके मोहल्ले में सरकारी बोरिंग लगा हुआ है। कॉलोनी में रहने वाली लक्ष्मी कुरील ने उस बोरिंग को बंद कर दिया था।
जब सोनम वहां पहुंची और लक्ष्मी से कहा कि उन्हें पानी भर लेने दिया जाए, तो इसी बात पर लक्ष्मी भड़क उठी और गालियां देने लगी। विवाद बढ़ने पर आरोपी लक्ष्मी अपने घर से एक चाकू लेकर आ गई। खुद को घिरता देख सोनम ने अपने मकान मालिक राजेश राजोरिया को मौके पर बुलाया।
राजेश के आने के कुछ ही देर में लक्ष्मी कुरील के पक्ष के अन्य लोग भूरी कुरील, आकाश कुरील, विक्की कुरील तथा संगीता कुरील भी वहां आ गए। जब मकान मालिक राजेश राजोरिया ने आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, तो सभी ने मिलकर राजेश और सोनम के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी।
इस बीच राजेश ने पास ही रहने वाले अपने भाई संजय राजोरिया को फोन पर घटना की जानकारी दी, जो तुरंत बीच-बचाव कराने आ गए। संजय राजोरिया जब आरोपियों को समझाने की कोशिश कर रहे थे, तभी विक्की कुरील ने अपने हाथ में रखे डंडे से संजय के सिर, चेहरे, दाएं पैर और दोनों हाथों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
वहीं आकाश कुरील ने पास ही पड़ी ईंट उठाकर संजय की बाईं आंख के नीचे जोरदार मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बाणगंगा थाना पुलिस ने फरियादी सोनम परमार की रिपोर्ट पर आरोपी संगीता, भूरी कुरील, विक्की कुरील, लक्ष्मी कुरील और आकाश कुरील सभी निवासी शीतल नगर के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 14 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




