सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
राजनीति

माहेश्वरी समाज की हंगामादार मीटिंग में मंत्री का इस्तीफा मंजूर

कोषाध्यक्ष से हुई थी तकरार असाधारण सभा तक पहुंचा मामला, कुछ लोग अड़े, इस्तीफे की मांग की तो इस्तीफा भी दे दिया, मानधन्या को अगले अध्यक्ष के दावेदार के रूप में देखा जा रहा था

माहेश्वरी समाज की हंगामादार मीटिंग में मंत्री का इस्तीफा मंजूर

तीन दिन पहले पुराने कोष मामले में जिला माहेश्वरी समाज के वर्तमान कोषाध्यक्ष राधेश्याम काबरा और वर्तमान मंत्री संजय मानधन्या के बीच बहस हुई थी और बाद में तीन लोगों ने बैठकर चाय भी पी थी। यह मामला अध्यक्ष सहित पदाधिकारियों के संज्ञान में आया था। अध्यक्ष ईश्वर बाहेती ने इसी मुद्दे पर बैठक लेकर मामले को समाप्त करवा दिया था। बताया जा रहा है कि संजय मानधन्या वर्तमान में मंत्री थे और वे आगामी अध्यक्ष के दावेदार थे, संभवत: इसी रणनीति को लेकर अन्य पदाधिकारी और सदस्यों ने मुद्दे को उठाया और मामले को असाधारण सभा में ले जाने का निर्णय लिया। जानकार कह रहे हैं कि असाधारण सभा का निर्णय कार्यसमिति में होता है और फिर सभा के लिए भी समय दिया जाता है, लेकिन कल आनन-फानन में हुई असाधरण सभा में करीब डेढ़ घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही और कुछ लोग मंच के सामने मंत्री से इस्तीफे की मांग करते रहे, कुछ लोग मंच तक जा पहुंचे और आखिरकार मंत्री संजय मानधन्या को लिखित में इस्तीफा देना पड़ा। इस्तीफा देने के बाद सदन से इस्तीफा पास करने की बात रखी तो कुछ लोगों ने हाथ ऊंचे किए और इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया। दो दिनों से काबरा और मानधन्या के बीच हुई तीखी बहस को माहेश्वरी समाज के सोशल मीडिया ग्रुप पर जमकर लिखा जा रहा था और बहस को आधार बनाकर असाधारण सभा तक लाया गया। मानधन्या समर्थकों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह समाज के लिए काला दिन है और समाज के इतिहास में यह स्वर्णिम अक्षर में लिखा जाएगा। इधर काबरा के समर्थन में आए माहेश्वरी समाजजनों का कहना था कि समाज के जिम्मेदार पदाधिकारी की तीखी बहस बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कल रात 8 बजे के करीब बैठक जाजू सभागृह में शुरू हुई जो डेढ़ घंटे 9.30 बजे तक हंगामे के रूप में चली। इस्तीफा को लेकर जमकर हंगामा चला। अध्यक्ष ईश्वर बाहेती ने सभी को शांत करने की पूरी कोशिश भी की, लेकिन हंगामा इतना ज्यादा था कि कोई किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। असाधारण सभा इस तरह की पहले कभी नहीं हुई, जैसी कल हुई ऐसा समाजजन कह रहे हैं। अभी तो माहेश्वरी समाज मंत्री का इस्तीफा मंजूर कर चार्ज भी दे दिया गया है। जल्द ही कार्यसमिति की मीटिंग बुलाकर मंत्री का निर्णय भी कर लिया जाएगा। कुछ लोगों ने मंत्री के इस्तीफे को अगले अध्यक्ष के चुनाव से जोड़कर भी लिखा और कहा कि अब जब वे मंत्री ही नहीं रहेंगे तो अगला चुनाव भी मानधन्या नहीं लड़ पाएंगे, क्योंकि वे अभी कार्यकारी मंडल के सदस्य नहीं रहेंगे। मानधन्या समर्थकों ने यह भी लिखा कि दबाव डालकर इस्तीफा लिखाया गया, तो काबरा समर्थकों ने लिखा गलत भाषा का इस्तेमाल करोगे तो परिणम यही आएगा। उल्लेखनीय है कि करीब तीन माह पहले ही चुनाव हुए थे और संजय मानधन्या सहित कुछ ही पदाधिकारी दूसरी पैनल से चुनकर आए थे।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 10 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 10 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 3