मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
राजनीति

मंत्री पद के लिए क्लॉथ मार्केट में चुनाव आज

रविवार को सोशल मीडिया पर प्रचार के बीच आरोपों से लदा मैसेज भी हुआ वायरल

श्रीमंत महाराजा तुकोजीराव क्लाथ मार्केट मर्चेन्ट एसोसिएशन के मंत्री पद के लिए आज दोपहर 1 बजे से 5 बजे तक मतदान होगा। जिसके बाद मतगणना होगी। रात तक परिणाम जारी होंगे। कल रविवार को सोशल मीडिया पर दोनों ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने मत की गुहार लगाई। मंत्री पद के लिए कैलाश मूंगड़ और चंद्रप्रकाश गंगवाल के बीच मुकाबला हो रहा है। शनिवार तक दोनों ही प्रत्याशियों ने अपना जनसम्पर्क पूरा कर लिया था। कल रविवार को सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से जनसम्पर्क जारी रहा। आज मतदान स्थल के बाहर मतदाताओं से अंतिम गुहार अपने पक्ष में वोट डलवाने के लिए दोनों प्रत्याशी लगाएंगे। सोशल मीडिया पर प्रत्याशियों ने अपने द्वारा किए गए कामों का मैसेज और वीडियो के माध्यम से ब्यौरा दिया। इस बीच पूर्व अध्यक्ष हंसराज जैन का आरोपों से लदा हुआ एक मैसेज भी वायरल हुआ। जैन ने तत्कालीन मंत्री और उम्मीदवार कैलाश मूंगड़ पर कई आरोप मढ़े। जिसके बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रिया नजर आई। ज्यादातर लोगों का कहना था कि चुनाव के एक दिन पहले इस प्रकार के आरोप लगाकर गरिमामय संस्था पर ऊंगली उठाना गलत है, कुछ लोगों ने यहां तक कहा कि अन्याय होने पर चुप रहना अन्याय करने के समान ही है। दरअसल जैन ने जो आरोप लगाए वे उस समय के है जब वे अध्यक्ष थे, ऐसे में लोगों का कहना है कि अगर कोई गड़बड़ी उनके अध्यक्ष रहते हो रही थी तो उन्होने साधारण सभा में क्यों नहीं रखा, अब जब चुनाव आज होना है तो प्रत्याशी और संस्था की गरिमा पर ऊंगली उठाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। कुछ सदस्यों ने कहा कि जैन ने ऐसे आरोप लगाकर अपने ही प्रत्याशियों को कमजोर साबित कर दिया।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 27 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें