मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
राजनीति

जिलाध्यक्ष नीलेश भारती के राखी बंधन कार्यक्रम से भाजपा में बढ़ी सरगर्मी, दिग्गजों में बेचैनी

पीथमपुर में जुटे 6 हजार से अधिक मातृशक्ति के हुजूम ने बदले क्षेत्र के सियासी समीकरण, शक्ति प्रदर्शन से अन्य दावेदारों की धड़कनें तेज...

नितिन राठौर)। भाजपा जिलाध्यक्ष नीलेश भारती के रक्षाबंधन कार्यक्रम ने धार और पीथमपुर के स्थानीय राजनीतिक गलियारों में भारी हलचल पैदा कर दी है। उनके इस विशाल आयोजन को आगामी चुनावों और सांगठनिक प्रभाव के लिए एक बड़े सियासी शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है, जिससे भाजपा के भीतर ही कई अन्य दावेदारों और दिग्गज नेताओं में बेचैनी साफ नजर आ रही है। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष नीलेश भारती द्वारा पीथमपुर के कंचन श्री गार्डन में आयोजित भव्य रक्षाबंधन एवं मातृशक्ति सम्मान समारोह ने क्षेत्र की स्थानीय राजनीति में भारी हलचल पैदा कर दी है। त्योहार के बहाने किए गए इस विशाल आयोजन को नीलेश भारती के एक बड़े सियासी शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में उमड़े हजारों महिलाओं के सैलाब के बाद भाजपा के भीतर ही अन्य राजनैतिक दिग्गजों और टिकट के दावेदारों में बेचैनी साफ तौर पर बढ़ने लगी है। आयोजन के दौरान पीथमपुर और आसपास के क्षेत्रों से आई 6,000 से अधिक महिलाओं ने जिलाध्यक्ष नीलेश भारती को रक्षा सूत्र (राखी) बांधा, इस दौरान भारती ने भी भाई का फर्ज निभाते हुए सभी बहनों का पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उन्हें विशेष उपहार भेंट किए। कंचन श्री गार्डन में पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी, जिसे देखकर राजनीतिक पंडित इसे आगामी चुनावों से जोड़कर देख रहे है। इस आयोजन की भव्यता और उसमें जुटी भारी भीड़ ने भाजपा के भीतर चल रही अंदरूनी गुटबाजी और खींचतान को एक नया मोड़ दे दिया है। चर्चा है कि इस कार्यक्रम के जरिए नीलेश भारती ने न सिर्फ संगठन में अपनी मजबूत पकड़ का अहसास कराया है, बल्कि आलाकमान को भी अपनी जमीनी लोकप्रियता का सीधा संदेश दे दिया है। इतनी बड़ी संख्या में साइलेंट वोटर(महिला वर्ग) का एक साथ जुटना क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ नेताओं के लिए चिंता का विषय बन गया है, जिससे पार्टी में अंदरूनी सरगर्मी चरम पर है। मातृशक्ति का मिला अभूतपूर्व समर्थन वही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष नीलेश भारती ने कहा कि बहनों का यह स्नेह और आशीर्वाद उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास और मातृशक्ति के सम्मान की बात कही। बहरहाल, राखी के इस धागे ने धार और पीथमपुर भाजपा की राजनीति में एक नई लकीर खींच दी है, जिसका असर आने वाले दिनों में साफ देखने को मिलेगा…

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें