रविवार, 15 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

इंदौर से दिल्ली तक तलाशा जा रहा स्वच्छता सर्वेक्षण का डैशबोर्ड

3 दिन बाद भी नहीं मिले अंक, महापौर और निगमायुक्त के नंबर वन होने के दावों के बीच सस्पेंस बरकरार, डैशबोर्ड नहीं आया तो दावों पर उठने लगे सवाल, विपक्ष ने भी खोला मोर्चा

स्वच्छता में लगातार नंबर वन रहने वाले इंदौर की इस बार की रैंकिंग ने शहर से लेकर दिल्ली तक असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 का परिणाम सामने आने के बाद भी अब तक स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) की वेबसाइट पर शहरों का डैशबोर्ड अपलोड नहीं हुआ है। गुरुवार से शनिवार तक तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन इंदौर के अधिकारी अब भी अंकों का इंतजार कर रहे हैं। यही डैशबोर्ड तय करेगा कि इंदौर का प्रदर्शन वास्तव में कितना बेहतर रहा और शहर को किस आधार पर आंका गया है।

खास बात यह है कि पिछले वर्षों में अवॉर्ड समारोह से करीब आधा घंटा पहले ही सर्वेक्षण का डैशबोर्ड वेबसाइट पर उपलब्ध हो जाता था। इसमें शहरों के अंक और प्रदर्शन का पूरा ब्योरा सामने आ जाता था। इस बार ऐसा नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं कि आखिर परिणामों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक करने में देरी क्यों हो रही है? इंदौर से लेकर दिल्ली तक अधिकारी इसकी जानकारी जुटाने में लगे हैं।

नंबर वन होने का दावा, लेकिन

अंकों का इंतजार- महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल लगातार इंदौर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का दावा कर रहे हैं। उनका कहना है कि निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों ने कड़ी मेहनत की है और शहर का प्रदर्शन बेहतर रहा है। निगमायुक्त के मुताबिक, इस बार वन सिटी-वन अवॉर्ड की अवधारणा पर काम किया गया।

इंदौर को स्वच्छ सुपर लीग से बाहर रखने के पीछे भी यही व्यवस्था बताई जा रही है। निगमायुक्त का कहना है कि इंदौर पिछले साल ही सामान्य स्वच्छ शहरों की प्रतिस्पर्धा से अलग हो चुका था। लगातार एक ही शहर को पुरस्कार देने के बजाय दूसरे शहरों को मौका देने के उद्देश्य से सुपर लीग बनाई गई थी।

इसमें शामिल शहरों के लिए पहले, दूसरे और तीसरे स्थान की रैंकिंग का प्रावधान नहीं था, बल्कि उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता दी जानी थी। हालांकि, इस बार सुपर लीग के शहरों के बीच भी पहले, दूसरे और तीसरे स्थान के पुरस्कार दिए जाने से स्थिति उलझ गई।

इंदौर को मोस्ट इंस्पिरेशनल सिटी बताया, लेकिन सवाल

बरकरार- मंत्रालय की ओर से इंदौर के प्रदर्शन को सर्वश्रेष्ठ बताते हुए उसे मोस्ट इंस्पिरेशनल सिटी की सूची में शामिल होने की जानकारी दी गई थी। साथ ही आश्वासन दिया गया था कि जल्द डैशबोर्ड जारी होगा और अंकों से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। लेकिन तीन दिन बाद भी डैशबोर्ड नहीं आने से इन दावों पर सवाल उठने लगे हैं।

दिल्ली में कमजोर हुई पकड़, फील्ड मॉनिटरिंग पर भी सवाल-

दूसरी ओर विपक्ष महापौर के दावों को स्वीकार करने को तैयार नहीं है। लगातार प्रदर्शन कर सवाल उठाए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, पिछले साल शहर की सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग और अधिकारियों की सक्रियता में कमी रही।

स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए केवल फील्ड में सफाई पर्याप्त नहीं होती, बल्कि नियमित मॉनिटरिंग, दस्तावेजीकरण, प्रस्तुतीकरण और दिल्ली स्तर पर भी शहर की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से सामने रखना जरूरी होता है। इस बार दिल्ली में इंदौर की पकड़ कमजोर रहने की चर्चा भी है। अब सबकी निगाहें डैशबोर्ड पर टिकी हैं।

क्योंकि महापौर और निगम अधिकारियों के दावों की असली तस्वीर अंकों के सामने आने के बाद ही साफ होगी। फिलहाल शहर के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि इंदौर को मिले सम्मान की वास्तविक स्थिति क्या है और डैशबोर्ड आखिर कब सामने आएगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 14 November 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 14 November 2026, पृष्ठ 2