जिला कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व विधायक विपिन वानखेडे ने कलेक्टर को पत्र लिखकर अनंत चतुर्दशी के अवसर पर 'छात्रों की गूंज' विषय पर झांकी निकालने की अनुमति मांगी है। वानखेडे ने कहा कि शहर में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर झांकियां निकालने की वर्षों पुरानी गौरवशाली परंपरा रही है। इंदौर की झांकी परंपरा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रही, बल्कि समय-समय पर सामाजिक सरोकार, देशभक्ति, संस्कृति तथा समसामयिक विषयों को भी झांकियों के माध्यम से समाज के सामने प्रस्तुत किया जाता रहा है। वर्तमान समय में छात्रों और युवाओं की आवाज, उनके अधिकार, उनकी आकांक्षाएं तथा देश के भविष्य में उनकी भूमिका एक महत्वपूर्ण समसामयिक विषय है। इसी भावना को केंद्र में रखते हुए हम अनंत चतुर्दशी पर 'छात्रों की गूंज' विषय पर झांकी निकालना चाहते हैं। यह झांकी पूरी तरह गैर-राजनीतिक, सामाजिक एवं युवाओं को समर्पित होगी। इसका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का प्रचार करना नहीं, बल्कि देश के छात्रों एवं युवाओं की आवाज, उनके सपनों और उनके मुद्दों को रचनात्मक एवं सांस्कृतिक माध्यम से सामने रखना है। वर्तमान समय में देशभर में युवा अपनी बात रखने और अपने भविष्य से जुड़े विषयों को लेकर जागरूकता के साथ आगे आ रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी भी लगातार छात्रों और युवाओं की आवाज को सार्वजनिक मंचों पर उठाते रहे हैं। इसी संदर्भ को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत करते हुए झांकी के माध्यम से युवाओं की भागीदारी, उनकी आकांक्षाओं और उनकी आवाज को स्थान देने का प्रयास किया जाएगा। वानखेडे ने यह भी लिखा है कि जो भी नियम कायदे है उसका पालन किया जाएगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 15 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




