भागीरथपुरा में हुए दूषित जल हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के घर पर कांग्रेस पहुंची। अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों ने कहा कि इस घटना के दोषियों को सजा मिलना चाहिए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि इस घटना की जांच रिपोर्ट से हम संतुष्ट नहीं है। भागीरथपुरा के जल हादसे पर न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट सामने आने के बाद अब एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है। इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चिंटू चौकसे अपने साथियों के साथ भागीरथपुरा की घटना में जान गंवाने वाले लोगों के घर पर पहुंचे। वहां जाकर उन्होंने इन लोगों से मुलाकात की और उन्हें जांच आयोग की रिपोर्ट की जानकारी दी। यह जानकारी मिलने के बाद मृत व्यक्तियों के परिजनों ने कहा कि इस घटना के लिए दोषी महापौर, पार्षद, विधायक, निगम आयुक्त को सजा मिलना चाहिए। इन लोगों का कहना था कि अभी तक हमें कोई मुआवजा भी नहीं दिया गया है। बहुत सारे परिवार में तो एकमात्र कमाने वाले व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद भी हमारी सुध लेने में सरकार ने कोई रुचि नहीं दिखाई है। सरकार की ओर से कोई पैसा अब तक नहीं मिला है। मृत व्यक्तियों के परिजनों का कहना था कि सरकार ने घोषणा की थी कि अस्पताल में इलाज करने का खर्चा सरकार के द्वारा उठाया जाएगा। यह घोषणा भी गलत साबित हुई है। हम लोगों ने अपने परिवार के बीमार सदस्यों का जो इलाज कराया, उसका पैसा खुद चुकाया है। इसके साथ ही हमने अपने परिवार के मृत व्यक्ति की लाश को अस्पताल से लेने के लिए भी पैसा दिया है। सरकार की ओर से हमें किसी भी स्तर पर कोई मदद नहीं मिली है।

चौकसे ने कहा कि लोगों की भावना के अनुसार कांग्रेस इस मामले को लेकर एक बार फिर सड़क पर उतरेगी। हम कोशिश करेंगे कि हर दोषी को सजा मिलना चाहिए। न्यायिक आयोग के द्वारा भागीरथपुरा के पीड़ितों के लिए जो राहत और मुआवजे की अनुशंसा की गई है वह सरकार के द्वारा तत्काल इन परिवारों को दिया जाना चाहिए . इस दौरे में निगम नेता प्रतिपक्ष सोनीला मिमरोट भाटिया, दीपक मलेरिया रानू, राजू भदौरिया, घनश्याम यादव, महेश खिची, आशीष यादव, अमित यादव, रमेश बिंजवा, पूनम सवारिया आदि उपस्थित रहे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




