विधानसभा 4 को गौड़ की अयोध्या कहा जाता है, अब कांग्रेस का बड़ा ध्यान इस 4 नम्बर पर अपने संगठन को मजबूत करने पर लगा है। आज सुबह कांग्रेस ने ब्लॉक कमेटी 16 के अध्यक्ष जतिन थोरात और कांग्रेस नेता सुधीर सेठिया के आह्वान पर रणजीत हनुमान मंदिर के समीप फूटीकोठी रोड पर विश्राम बाग में निर्मित अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल को संचालन एवं रखरखाव के लिए पीपीपी मॉडल पर देने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए विश्राम बाग के समीप धरना प्रदर्शन किया। बकायदा विरोध के बैनर पोस्टर भी लगाए और कांग्रेस नेताओं के बारी-बारी से उद्बोधन भी हुए। महत्वपूर्ण बात यह थी कि गौड़ की इस अयोध्या में ठीक संख्या में कांग्रेसी जुटे और ज्यादातर ने माइक पकड़कर धरना, प्रदर्शन में उद्बोधन दिया। शहर कांग्रेस के संगठन महामंत्री संजय बाकलीवाल ने बताया कि ब्लॉक कमेटी के आह्वान पर आज विश्राम बाग के स्विमिंग पूल पीपीपी मॉडल पर देने का विरोध इसलिए किया कि जनता के पैसे से निर्मित सार्वजनिक सुविधा को पीपीपी मॉडल पर देने से आम नागरिकों एवं गरीब वर्ग के लिए इसका उपयोग महँगा हो सकता है। निजी ठेकेदारों द्वारा मनमाने शुल्क वसूले जाने की आशंका से आम जनता इस सुविधा से वंचित हो सकती है। कांग्रेस ने नगर निगम के इस निर्णय का विरोध करते हुए कहा कि सार्वजनिक संपत्ति का उद्देश्य जनता को सुलभ सुविधाएँ देना होना चाहिए, न कि उसे निजी ठेकेदारों के लिए कमाई का माध्यम बनाना। नेताओं ने यह भी कहा कि विश्राम बाग पहले एक सार्वजनिक स्थल था, जिसे उजाड़कर वहाँ सीमेंट-कंक्रीट का निर्माण किया गया। अब जनता के धन से बने स्विमिंग पूल को निजी संचालन में देने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस पुरजोर विरोध करती है। धरना प्रदर्शन, उद्बोधन में संजय बाकलीवाल, जतिन थोरात, सुधीर सेठिया, देवेन्द्रसिंह यादव, आशीष लाहोटी, रविकांत मिश्रा, चिन्टू वर्मा, सरीता काला, संजय मालवीय, मधु गुप्ता, यशपाल गेहलोत, कपिल काला, धर्मेन्द्र ठाकुर, अमन करोड़े, नरसिंह कुंडलवाल, जगदीपेन्द्र यादव, अभिजीत शर्मा, धर्मेंद्र ठाकुर, ईशान गुप्ता, राजेन्द्र गावड़े सहित अन्य मौजूद थे। बैनर पोस्टर भी लगाए गए, जिस पर ‘विकास की आड़ में घपले, जनता के पैसा ठेकेदार की जेब में’ लिखा हुआ था।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




