जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेडे ने बताया कि किशनगंज ओवरब्रिज का काम रुका पडा है, कई जगह से सड़क खुदी पडी है। किशनगंज ओवरब्रिज की बदहाली पर जिला कांग्रेस ने अम्बेडकर नगरी महू में विरोध का प्रदर्शन किया।

विपिन वानखेडे और युवक कांग्रेस महू विधानसभा अध्यक्ष ओम पटेल के नेतृत्व में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस बल के बीच जमकर तीखी झड़प और धक्का-मुक्की भी हुई। वानखेड़े ने बताया कि किशनगंज ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पिछले पांच वर्षों से अधूरा पड़ा है और बीते डेढ़ साल से काम पूरी तरह बंद है।
मुख्य मार्ग बाधित होने के कारण सारा यातायात संकरी सर्विस लेन से गुजर रहा है, जिससे आए दिन गंभीर सड़क हादसे हो रहे हैं। इसके बावजूद न तो यहाँ स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई है और न ही प्रशासन ट्रैफिक व्यवस्था पर ध्यान दे रहा है।
उल्लेखनीय है कि करीब 15 दिन पूर्व इस समस्या को लेकर युवा कांग्रेस ने सांकेतिक धरना देकर चेतावनी दी थी इस पर पुलिस ने युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सहित अन्य युवा कांग्रेसियों पर प्रकरण दर्ज किया था जिससे भी युवा कांग्रेसी और जिला कांग्रेसी नाराज थे।
जब इस मामले में विपिन वानखेड़े, ओम पटेल और बड़ी संख्या में कांग्रेसी ज्ञापन सौंपने आगे बढ़े, तो मौके पर मौजूद महू थाना टीआई और पुलिस बल से उनकी तीखी झड़प हो गई। कांग्रेस के उग्र रुख को देखते हुए अंततः प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया कि मार्च तक हर हाल में ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर आवागमन शुरू कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही सर्विस लेन पर तत्काल स्ट्रीट लाइट लगवाने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने का भरोसा भी दिलाया गया। कांग्रेस ने मार्च तक ब्रिज पूरा नहीं होने पर प्रदर्शन की फिर चेतावनी दी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 18 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


