जनप्रतिनिधियों के नाम न तो आमंत्रण पत्रों में सही तरीके से शामिल किए गए और न ही उन्हें शासकीय प्रोटोकॉल के तहत मंच पर उचित सम्मान व स्थान दिया गया। भेदभाव से नाराज होकर जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्य और कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम का बहिष्कार कर सीधे कृषि विभाग कार्यालय के सामने पहुंच गए। नेताओं ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली के विरोध में कार्यालय के ठीक सामने जमीन पर बैठकर धरना शुरू कर दिया और विभाग तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शासकीय कार्यक्रमों में नियमों व प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। बलराम कृषि महोत्सव के बीचों-बीच कृषि कार्यालय के ठीक सामने कांग्रेस के जिला पंचायत सदस्यों और जिला पदाधिकारियों के धरने पर बैठते ही प्रशासनिक खेमे में हड़कंप मच गया। स्थिति को बिगड़ता देख कृषि विभाग के उपसंचालक, तहसीलदार और पुलिस अधिकारी तुरंत प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे,उन्होंने नाराज कांग्रेस नेताओं को समझाने और धरना समाप्त करने का प्रयास किया। कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि शासकीय नियमों (प्रोटोकॉल) का उल्लंघन करने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसे सरकारी आयोजनों को भाजपा का निजी कार्यक्रम बनाया गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान नेताओं ने केवल प्रोटोकॉल का मुद्दा ही नहीं उठाया, बल्कि जिले में खाद- बीज की किल्लत, फसल बीमा और किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर भी कृषि विभाग को आड़े हाथों लिया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने इसे तकनीकी त्रुटि और छपाई की गलती बताते हुए मामले को शांत करने की कोशिश की। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में सभी जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा जाएगा, वहीं दूसरी तरफ मंच पर मौजूद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के इस कदम को सस्ती राजनीति और शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास बताया। धार जिले में शासकीय कार्यक्रमों के आमंत्रण और मंच शेयरिंग को लेकर भाजपा-कांग्रेस के बीच का यह गतिरोध अब जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक सुर्खियों में आ गया है। धार की कृषि उपज मंडी में आयोजित इस बलराम कृषि महोत्सव का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीकों, उन्नत यंत्रों और कृषि से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देना था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़े थे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




