प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कल शहर और जिला की अलग-अलग बैठकें और प्रदेश स्तर की बैठक शुभकारज गार्डन और सोलारिस गार्डन में हुई। मीडिया से चर्चा में चौधरी और पटवारी ने बताया कि राहुल गांधी अब 12 सितम्बर की बजाय 19 सितम्बर को ‘छात्रों की गूंज’ में छात्रों से करेंगे सीधा संवाद करेंगे। पटवारी के मुख्यमंत्री को लिखे पत्र की जानकारी भी दी गई जिसे सिटी ब्लास्ट ने पहले ही प्रकाशित कर दिया था। यह भी बताया कि कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, युवाओं के अधिकार और उनके भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर छात्रों की बात सुनी जाएगी। कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने इंदौर के नेहरू स्टेडियम को उपलब्ध कराने की मांग की थी। नेताओं ने कहा कि अगर स्टेडियम नहीं होता है तो कांग्रेस जिला प्रशासन से चर्चा और अन्य उपयुक्त स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। कांग्रेस का उद्देश्य स्थान को लेकर विवाद खडा करना नहीं है, बल्कि राहुल गांधी की आवाज छात्रों तक पहुंचाना है। हरीश चौधरी ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। भाजपा सरकार को छात्रों और युवाओं की आवाज से डरने के बजाय उसे सुनना चाहिए। ‘छात्रों की गूंज’ पूरी तरह युवाओं के सवालों और उनके भविष्य से जुड़ा कार्यक्रम है। लोकतंत्र में किसी भी विचार या संवाद से डरने के बजाय उसका स्वागत किया जाना चाहिए। कांग्रेस चाहती है कि भाजपा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सोचे और छात्रों के हित में राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराए। पटवारी ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ का उद्देश्य युवाओं के सपनों, उनकी समस्याओं और शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े सवालों को सामने लाना है, लेकिन छात्रों की आवाज को किसी भी कीमत पर दबने नहीं दिया जाएगा। राहुल गांधी के करीबी के.बी. बैजू, मनोज त्यागी, उमंग सिंघार, अरूण यादव, अजयसिंह, ओमकार सिंह मरकाम, कांतिलाल भूरिया, सज्जनसिंह वर्मा, बाला बच्चन, विजयलक्ष्मी साधो, मुकेश नायक, चिंटू चौकसे, विपिन वानखेडे, सत्यनारायण पटेल, शोभा ओझा, उषा नायडू, कमलेश्वर पटेल, सहित कई नेता, विधायक और पदाधिकारी कल अलग-अलग बैठकों में मौजूद रहे। उक्त जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया ने जारी की।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 3 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




