शहर एवं जिला कांग्रेस ने आज प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर हरसिद्धि माता मंदिर पंढरीनाथ पर कांग्रेस का सुबह 11 बजे से एकत्रीकरण रखा है, समाचार लिखे जाने तक कांग्रेसियों का यहां पहुंचना जारी हो चुका था। यहां से कांग्रेसी एकत्र होकर जुलूस के रूप में पैदल मार्च करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे। कलेक्टर कार्यालय के बाहर कांग्रेसी प्रदर्शन करेंगे और वहां चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी जलाया जाएगा। राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया जाएगा उसमें मांग की जाएगी कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा लिया जाए या फिर उन्हें पद से बर्खास्त किया जाए। इस मामले में कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे का कहना है कि पिछले दिनों चुनाव आयोग के ही दो चुनाव आयुक्त के द्वारा यह खुलासा किया गया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के द्वारा मनमानी से निर्णय लिए जा रहे हैं।
अधिकारों का विकेंद्रीकरण करने के स्थान पर चुनाव आयोग में केंद्रीकरण कर दिया गया है। कांग्रेस शुरू से ही चुनाव आयोग के माध्यम से विभिन्न राज्यों के चुनाव में वोट चोरी किए जाने का आरोप लगाती रही है। चुनाव आयुक्तों के द्वारा दी गई जानकारी से यह आरोप हकीकत में बदलते हुए नजर आ रहे हैं। एसआईआर के नाम पर चुनाव वाले राज्यों से करोड़ों मतदाताओं के नाम हटाना एक षड्यंत्र के रूप में सामने आ रहा है। इधर सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस ने आज ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन के लिए पुतला भी तैयार कर लिया है। कांग्रेस को आशंका है कि पुलिस पहले ही पुतला छीनेगी इसलिए और भी पुतले तैयार कराए गए हैं। इधर कांग्रेस के प्रदर्शन पर आज पुलिस भी अलर्ट है। हरसिद्धि मंदिर से लेकर कलेक्टर तिराहा तक बतौर सुरक्षा पुलिस लगाई गई है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




