शहर कांग्रेस के महामंत्री पद पर अभिषेक मित्तल की नियुक्ति वरिष्ठ नेता के इशारे पर की गई थी। अभिषेक मित्तल ने इस्तीफा भेजा और संगठन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर की। इधर इस्तीफा भेजा गया और तत्काल अध्यक्ष ने आनन-फानन में उस इस्तीफे को स्वीकार भी कर लिया। पहले अभिषेक मित्तल शैलेष गर्ग से जुड़े हुए थे बाद में वे अरविंद बागड़ी से जुड़ गए थे। यह तीनों अग्रवाल समाज की सामाजिक राजनीति से भी जुड़े हैं और बागड़ी और गर्ग में सामाजिक व कांग्रेस की राजनीति में हमेशा दूरी रहती है। जब अभिषेक मित्तल ने इस्तीफा दिया तो तत्काल इस्तीफा स्वीकार कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे ने कर लिया और नियुक्ति करने में भी देरी नहीं की। इस मामले में चिन्टू चौकसे ने कांग्रेस के कोषाध्यक्ष शैलेष गर्ग से चर्चा की तो शैलेष गर्ग ने विधानसभा 4 के विकास जोशी को महामंत्री बनवा दिया। गर्ग की अनुशंसा पर जोशी की नियुक्ति को विधानसभा 4 की आगे की चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। इधर अभिषेक मित्तल ने भी सोशल मीडिया पर संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर की। यह भी कहा कि उन्हें पिछले 5 महीने से बैठक, धरना, प्रदर्शन और संगठन कार्यक्रमों की सूचना नहीं मिल पा रही थी इसलिए वे अपनी पद की जिम्मेदारी निर्वहन नहीं कर पा रहे थे। मित्तल ने कहा कि वे कांग्रेस से जुड़े हैं और आगे भी जुड़े रहेंगे। इधर विधानसभा 4 से शैलेष गर्ग विधानसभा चुनाव लड़ने का दावा कर रहे हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




