मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
राजनीति

कांग्रेस ने प्राधिकरण में 10 लाख भरने में नहीं की देरी

पहले शहर कांग्रेस का दे रहे थे चेक, चेक लेने से मना किया तो प्रदेश कांग्रेस ने कराया तत्काल ऑनलाइन जमा, तीन दिन की मिली स्वीकृति, एक तनाव तो हुआ कम, अब डोम और मंच तैयार कराने के लिए लगाना होगा जोर

कांग्रेस ने प्राधिकरण में 10 लाख भरने में नहीं की देरी

सिटी ब्लास्ट ने पहले ही बता दिया था कि निगम नेहरू स्टेडियम की ना करेगा और कांग्रेस ने रिजनल पार्क मैदान के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। अब कांग्रेस को प्राधिकरण ने रिजनल पार्क के मैदान की सशर्त तीन दिनों की स्वीकृति दे दी है और यह भी निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा प्रबंध किए जाए, आयोजन से संबंधित सभी विभागों से एनओसी प्राप्त की जाए। सम्पदा पदाधिकारी के इस पत्र में 17 से 19 सितम्बर तीन दिनों के लिए यह जमीन अलार्ट की गई है। कलेक्टर से चर्चा के बाद प्राधिकरण ने इस जमीन के लिए पुलिस रिपोर्ट भी प्राप्त की थी और कल प्राधिकरण ने 10 लाख 8 हजार 175 रु. तीन दिनों के लिए किराया बतौर जमा करने का सूचना पत्र चिन्टू चौकसे के पास भिजवाया, तो शहर कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से चर्चा की। शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने पटवारी के निर्देश पर 10 लाख से ऊपर की राशि का चेक प्राधिकरण को देने की जुगत की, लेकिन प्राधिकरण ने चेक लेने से इंकार कर दिया और सीधे खाते में ऑनलाइन पैसा मांगा, यह जानकारी भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को दी गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तत्काल अशोक सिंह को निर्देश दिया और 10 लाख 8 हजार 175 रु. का आरटीजीएस तत्काल प्राधिकरण के खाते में जमा कर दिया गया। प्राधिकरण की इस राशि में 8 लाख 54 हजार 385 रु. का किराया और 18 प्रतिशत जीएसटी के मुताबिक 1 लाख 53 हजार 790 रु. जीएसटी की राशि है, जहां कल कांग्रेस ने बगैर देरी करे ही यह राशि प्राधिकरण में जमा कर दी। कांग्रेस ने प्राधिकरण से 50 हजार स्क्वेयर फीट जमीन की मांग की थी और प्राधिकरण ने 12 हजार वर्ग मीटर भूमि अलार्ट की है, जो रिजनल पार्क के सामने की है। यहां जमीन ज्यादा है, लेकिन कांग्रेस ने कम जमीन की मांग की थी, अब यहां पंडाल बनना के अलावा बाकी ताम-झाम भी खड़े करना होंगे। राहुल गांधी का बड़ा मंच भी रहेगा, जिस पर राहुल गांधी छात्रों को संबोधित करेंगे पर जितनी जमीन प्राधिकरण ने अलार्ट की है उसमें करीब 25 हजार छात्र बैठ सकेंगे, ऐसी संभावना जताई जा रही है और रजिस्ट्रेशन का दावा तो पौने 2 लाख से ऊपर का हो चुका है और अभी कार्यक्रम में 7 दिन बाकी है। प्राधिकरण के पास यहां बड़ी जगह भी है। इधर जयस संगठन भी कांग्रेस के साथ खड़ा नजर आ रहा है। इस मामले में हरीश चौधरी, जीतू पटवारी की जयस से जुड़े डॉ. हीरालाल अलावा के साथ भी बैठक हुई थी और यह तय हुआ था कि जयस भी आयोजन में भाग लेगी। इधर इस मामले में राहुल गांधी का वीडियो भी छात्रों के संदेश के रूप में सामने आया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें