दिल्ली में लगातार तीन दिनों से लोकसभा में नेताप्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वोट चोरी के मुद्दे पर रोड पर है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है। लगातार राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में भी लिया जा रहा है। कई सांसद और विपक्षी दल के नेता भी रोड पर आ चुके हैं। इसी वोट चोरी के मुद्दे पर और राहुल-प्रियंका को हिरासत में लेने, प्रकरण दर्ज करने और काला दिवस मनाने के मुद्दे पर कांग्रेस ने कल शाम बड़ा गणपति से टोरी कार्नर तक मार्च निकाला। कांग्रेसियों में भी इसलिए जोश नजर आया कि उनके नेता राहुल और प्रियंका रोड पर आकर प्रदर्शन कर रहे हैं तो वे भी रोड पर रहकर मार्च में शामिल होकर उनका साथ दें। कल कांग्रेसियों ने एमजी रोड पर मार्च के दौरान नारेबाजी की। बडा गणपति से टोरी कार्नर तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो, मोदी-शाह मुर्दाबाद, भाजपा की गुंडागर्दी नहीं चलेगी जैसे नारों के साथ कांग्रेसियों ने मैदान पकडा। दिल्ली में राहुल- प्रियंका और सांसदों के साथ दुर्व्यवहार हुआ उसे भी कांग्रेसियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उठाया। देशभर में मल्लिकार्जुन खडगे ने कल का दिन काला दिवस घोषित किया था, कई कांग्रेसी काले कपडे पहनकर पहुंचे थे। कांग्रेसी मार्च करते हुए टोरी कार्नर पहुंचे, वहां कांग्रेसियों को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाना था, कांग्रेसी चार पुतले बनाकर ले गए थे क्योंकि कांग्रेसियों को आशंका थी कि पुलिस पुतला छीन लेंगी। सूत्रों का कहना था कि पहला पुतला बड़ी आसानी से कांग्रेसियों ने जला दिया, लेकिन दूसरा पुतला जैसे ही कांग्रेसियों ने जलाना शुरू किया वैसे ही पुलिस ने फायर ब्रिगेड से पानी और फोम केमिकल डलवा दिया और दूसरा पुतला अधजला ही रह गया, कांग्रेसी संतुष्ट थे कि उन्होंने पुतला जला दिया है। पुतला जलाने के दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी फेंका गया और जो फोम केमिकल डाला उस पर भी कांग्रेसियों ने मुद्दा बना लिया था कि पुलिस और फायर ब्रिगेड ने उन पर पानी फेंका और केमिकल डाला, जबकि यह केवल दूसरा पुतला जलाने के दौरान पुतले पर ही पानी और केमिकल डाला था। पुतला पकड़कर कुछ कांग्रेसी खड़े थे वे जरूर पानी और केमिकल की चपेट में आए थे। टोरी कार्नर पर भी कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसी बोले कि वोट रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेसियों ने कल काली पट्टी भी बांध रखी थी और कुछ कांग्रेसी काले कपड़ों में भी पहुंचे थे। कांग्रेस ने भीड़ भी सम्मानजनक जुटा ली थी।


यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 9 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




