इंदौर। सिटी ब्लास्ट प्रतिनि*धि
म.प्र. कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री मुकेश नायक ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 11 अगस्त को भोपाल में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में वरिष्ठ नेता हरीश चौधरी, जीतू पटवारी, दिग्विजयसिंह भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस विपक्ष में है, विपक्षी भूमिका को और मजबूत बनाने के लिए बैठक में कांग्रेस रणनीति बनाएंगी। शहर जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं विधानसभा प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के स्थानीय जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को चिन्हित कर उन्हें संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाएं। कांग्रेस अब राष्ट्रीय और प्रांतीय मुद्दों के साथ-साथ गांव से लेकर राजधानी तक के स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता से जनता के बीच ले जाएगी। भाजपा ने प्रदेशभर में सहकारी आंदोलन को गंभीर रूप से कमजोर किया है। किसान मंडियों में परेशान है, कमीशनखोरी हावी है, किसानों से मंडी शुल्क वसूला जा रहा है, नगर निगम और नगर पालिकाओं में भ्रष्टाचार चरम पर है। पेयजल व्यवस्था बदहाल है और जनता को दूषित पानी मिलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इंदौर जैसे बड़े नगर निगम में दूषित पानी से लोगों की मौतें होना सरकार की गंभीर विफलता का प्रमाण है। श्री नायक ने आरोप लगाया कि प्रदेश के खेल संगठनों, गैर सरकारी संस्थाओं तथा अन्य स्वायत्त संस्थाओं का भी राजनीतिक दुरुपयोग किया जा रहा है। विपक्षी दल कांग्रेस नेताओं को भाजपा दबाने का प्रयास कर रही है और कांग्रेस उतनी ही मजबूती से जनता की आवाज उठाने में लग गई है। भोपाल में वरिष्ठ नेताओं की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लेकर उन्हें शहर, जिला, ब्लाक, मंडलम, बूथ स्तर तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के माध्यम से पहुंचाया जाएगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




