शहर कांग्रेस का दल कुछ ही दिनों के अन्तराल के बाद दूसरी बार कल फिर भागीरथपुरा पहुंचा और वहां दूषित जल से जान गंवाने वाले घर पर कांग्रेसी पहुंचे। कांग्रेसियों से मृतकों के परिजन ने कहा हादसे के दोषियों को सजा मिलना चाहिए। इधर चौकसे ने कहा जांच रिपोर्ट से हम संतुष्ट नहीं हैं। कांग्रेस ने कहा कि हम चुप बैठने वाले नहीं है, जिन पीड़ित परिवार से हमने दूसरे दौर में भी चर्चा की उनमें जो बीमार हुए थे उनकी अभी भी हालत ठीक नहीं है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे ने बताया कि भागीरथपुरा के जल हादसे पर न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट सामने आने के बाद अब एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है। आज इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चिंटू चौकसे अपने साथियों के साथ भागीरथपुरा की घटना में जान गंवाने वाले लोगों के घर पर पहुंचे। वहां जाकर उन्होंने इन लोगों से मुलाकात की और उन्हें जांच आयोग की रिपोर्ट की जानकारी दी। यह जानकारी मिलने के बाद मृत व्यक्तियों के परिजनों ने कहा कि इस घटना के लिए दोषी महापौर, पार्षद, विधायक, निगम आयुक्त को सजा मिलना चाहिए। इन लोगों का कहना था कि अभी तक हमें कोई मुआवजा भी नहीं दिया गया है। बहुत सारे परिवार में तो एकमात्र
कमाने वाले व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद भी हमारी सुध लेने में सरकार ने कोई रुचि नहीं दिखाई है। सरकार की ओर से कोई पैसा अब तक नहीं मिला है।
मृत व्यक्तियों के परिजनों का कहना था कि सरकार ने घोषणा की थी कि अस्पताल में इलाज करने का खर्चा सरकार के द्वारा उठाया जाएगा। यह घोषणा भी गलत साबित हुई है। हम लोगों ने अपने परिवार के बीमार सदस्यों का जो इलाज कराया, उसका पैसा खुद चुकाया है। इसके साथ ही हमने अपने परिवार के मृत व्यक्ति की लाश को अस्पताल से लेने के लिए भी पैसा दिया है। सरकार की ओर से हमें किसी भी स्तर पर कोई मदद नहीं मिली है। चौकसे ने कहा कि लोगों की भावना के अनुसार कांग्रेस इस मामले को लेकर एक बार फिर सड़क पर उतरेगी। हम कोशिश करेंगे कि हर दोषी को सजा मिलना चाहिए। न्यायिक आयोग के द्वारा भागीरथपुरा के पीड़ितों के लिए जो राहत और मुआवजे की अनुशंसा की गई है वह सरकार के द्वारा तत्काल इन परिवारों को दिया जाना चाहिए। मुलाकात के दौरान घनश्याम यादव, महेश खीची, छोटे लाल मौर्य, छोटे लाल पहलवान कश्यप, मनोहर यादव, संतलाल यादव, राम नारायण बौरासी, अमित यादव, रानू मलोरिया, नितेश बौरासी, प्रवीण सूर्यवंशी, गणेश कैथवास, पूनम सांवरिया, हिमांशु मलोरिया, हरीश यादव, मयंक भरतवाज, अशोक यादव, राजेश यादव, लक्की कश्यप मौजूद थे। कांग्रेस अब तीसरा दौरा फिर बचे हुए परिवार में करेगी और इसके बाद पीड़ित परिवारों को साथ लेकर मुआवजा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आन्दोलन, प्रदर्शन भी करेगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




