सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
राजनीति

चिन्टू चौकसे ने नहीं बनवाया पास

रेडीसन में मिलेंगे दो कांग्रेस नेता और तीन गांधी भवन के कर्मचारी

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे छात्रों की गूंज कार्यक्रम में पूरी तरह जुटे हुए हैं। राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर उनसे विमानतल पर आते-जाते समय और रेडीसन होटल में भी मिलने वालों की संख्या सुरक्षा कारणों से सीमित रखी है। ऐसे में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे चाहते थे कि उनके पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करें, यह सुरक्षा कारणों से संभव नहीं हो सका तो चिन्टू चौकसे ने अपने नाम का पास भी नहीं बनवाया। शहर कांग्रेस के संगठन मंत्री संजय बाकलीवाल और कार्यालय मंत्री इम्तियाज बेलिम के अलावा गांधी भवन के तीनों कर्मचारी द्वारकाप्रसाद चौबे, राजेन्द्र पाटिल, राजकुमार जाधव के नाम दिए हैं। चौकसे ने कहा कि गांधी भवन के सालों से सेवा दे रहे कर्मचारी कभी राहुल गांधी से नहीं मिल पाएंगे इसीलिए उनके नाम आज दिए गए हैं। चिन्टू चौकसे ने कहा कि मैं अपने नेता को दूर से देख लूंगा, मैं आज कोशिश करूंगा कि जहां मेरी ड्यूटी राहुल गांधी के स्वागत की लगाई है मैं वहां अपनी टीम के साथ स्वागत कर उन्हें वहीं देख लूंगा और राहुल गांधी के कार्यक्रम के दौरान डोम के बाहर भी एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में खड़ा रहूंगा। हमारी एक ही जिम्मेदारी है छात्रों की राहुल गांधी से मुलाकात कराकर संवाद कराना। पार्टी का एक ही मिशन है छात्रों की गूंज कार्यक्रम भीड़ के साथ संवाद के रूप में सफल हो।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 19 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें