शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे के आह्वान पर कल कांग्रेसियों ने दो प्रश्नों के जवाब में प्राधिकरण का घेराव किया। खुद चिन्टू चौकसे ने माइक हाथ में लेकर जमकर नारे लगाए। कांग्रेसियों ने साथ भी दिया। कांग्रेसी पुतला जलाने के लिए अपने साथ पुतला भी ले गए थे। कांग्रेसी पहले पुतला जलाना चाहते थे तो कुछ कांग्रेसी जहां प्रदर्शन चल रहा है उसके पीछे चल रहे झरने में पुतले को तर करना चाहते थे। अध्यक्ष चौकसे ने पुतले को तर करने से मना किया और आखिरकार बाद में पुतला आराम से प्राधिकरण के मुख्य अधिकारी परीक्षित झाड़े का जलाया गया। कांग्रेस का जब प्रदर्शन ठंडा नहीं हो रहा था इसी बीच मुख्य कार्यपालन अधिकारी परीक्षित झाड़े अपने कक्ष से नीचे आकर सीधे कांग्रेसियों के बीच पहुंच गए थे, जिसकी कांग्रेसियों को उम्मीद नहीं थी। बेखौफ पहुंचे परीक्षित झाड़े ने कांग्रेसियों से चर्चा भी की। कांग्रेसियों ने उनके समक्ष दो सवाल रख दिए। पहला सवाल यही था कि विजय नगर आईडीए ग्राउंड पर मुफ्त में भाजपा को जगह क्यों दी, जवाब में झाड़े ने कहा वह सरकारी कार्यक्रम था, इस पर चिन्टू चौकसे ने कहा कि वह सरकारी आयोजन कैसे हो सकता है, क्योंकि उसमें सरकारी विभाग के ना अधिकारी थे और ना ही विभाग की उसमें सहभागिता थी इस पर झाड़े चुप रहे। कांग्रेस ने दूसरा मुद्दा उठाया रिजनल पार्क आईडीए ग्राउंड का 14 लाख रु. का किराया प्राधिकरण में 4 दिन का जमा कराया था और अब एक महीने तक पटाखे की दुकान लगाने वालों को जगह दी जा रही है और उनसे कितने रुपये लिए यह प्रश्न भी कांग्रेस अध्यक्ष ने किया। झाड़े ने कहा कि अभी यह तय नहीं हुआ है कि उनसे कितने रुपये जमा कराए जाएंगे, फिर चिन्टू ने पलटवार किया और कहा कि जब वहां राशि तय नहीं हुई तो दुकानें कैसे लगने लगी है, फिर झाड़े चुप हो गए। कांग्रेस ने 7 दिनों की चेतावनी दी कि हमारे दो प्रश्नों के जवाब चाहिए, नहीं तो फिर आन्दोलन करेंगे। झाड़े के वापस जाने के बाद उनका पुतला भी फूंक दिया गया। कुल मिलाकर एक दिन पहले कांग्रेस ने बड़ा गणपति से टोरी कार्नर तक विरोध का मार्च निकालकर टोरी कार्नर पर पुतला भी जलाया था और एक ही दिन बाद कांग्रेस ने फिर प्राधिकरण पर विरोध का हल्ला बोल दिया और जो कांग्रेस की तरफ से 14 लाख रु. चार दिन का किराया भरा गया था और भाजपा को मुफ्त में कार्यक्रम करने के लिए विजय नगर में जगह दे दी उसका दर्द कांग्रेस में दिखाई दिया और कांग्रेस ने कल अच्छा-खासा हिसाब- किताब विरोध प्रदर्शन में चुकता किया। विरोध प्राधिकरण में हुआ और निशाने पर भाजपा रही।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 10 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




