भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कल पहली बार इन्दौर आए थे। उनका विमानतल से सुपर कारिडोर चौराहा कार्यक्रम स्थल तक जमकर स्वागत हुआ। कार्यक्रम स्थल पर मंच पर शहर के लगभग सभी नेता मौजूद थे। करीब सवा घंटे मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आभार माना और साथ में तंज कसते हुए बता दिया कि कार्यक्रम के सूत्रधार केवल एक नेता नहीं थे। मुख्यममंत्री डॉ. मोहन यादव ने कल हमेशा की तरह अपना उदबोधन दिया और अपनी शैली अनुसार वे मंच पर मौजूद नेताओं का अभिनंदन कर रहे थे। गौरव रणदिवे का नाम लेने से पहले उन्हें कार्यक्रम का सूत्रधार और रचनाकार बता दिया। सम्भवत यह बात कार्यक्रम में कम लोगों को हजम हुई लेकिन मंत्री विजयवर्गीय इस बात को बिल्कुल नहीं पचा पाए। यही कारण रहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने भी वे आभार व्यक्त करते हुए मीठा तंज कसने में पीछे नहीं रहे। राजनीति के वरिष्ठ और मंजे हुए खिलाडी माने जाने वाले विजयवर्गीय को जब आभार व्यक्त करने के लिए बुलाया तो उन्होने कहा कि मंच पर मौजूद राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित सभी लोगों का आभार। उन्होने इन्दौर की जनता का भी आभार स्वागत में व्यक्त किया। इसी बीच विजयवर्गीय ने कहा कि मुख्यमंत्रीजी का आभार जिन्होने यह राज की बात बताई कि इस कार्यक्रम के सूत्रधार गौरव रणदिवे थे, इसलिए गौरव रणदिवे का भी आभार। विजयवर्गीय के इस तंज के बाद सोशल मीडिया पर अब राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग चर्चाएं है। उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम के लिए शहर के सभी विधायक, नगर भाजपा और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तैयारियों में जुटे थे। उन्होने कार्यक्रम स्थल के दौरे भी किए थे। ऐसे में रणदिवे का नाम जब सूत्रधार के रूप में लिया गया तो यह पचा पाना शायद विजयवर्गीय के लिए आसान नहीं था इसीलिए उन्होने मीठा तंज मंच से ही कस दिया। विजयवर्गीय के रणदिवे के इस प्रकार आभार व्यक्त करने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुस्कुराते हुए नजर आए। उन्होंने इस पर हंसते हुए राष्ट्रीय अधय्क्ष को भी कुछ कहा।
जिराती ने चौंकाया
जीतू जिराती फिलहाल भाजपा में किसी महत्वपूर्ण पद पर नहीं है, वे पूर्व विधायक जरुर है लेकिन कल राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में उन्होने जमकर ताकत दिखाई। बडा मंच हो या बड़ा कटआऊट, जिराती सभी दूर नजर आते रहे। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में इस प्रकार की सक्रियता की चर्चा है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




