भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन आज दोपहर पहली बार इन्दौर आ रहे है। नबीन का म.प्र. में यह पहला दौरा है। नबीन का मुख्य कार्यक्रम सुपर कारिडोर चौराहा स्थित गांधीनगर मैदान में होगा। विमानतल से कार्यक्रम स्थल तक 100 स्वागत मंच लगाए गए है। शहर के भाजपा नेताओं ने ताकत झोंकी है। सभी मंच एक तरफ लगाए गए हैं, मंच के सामने नबीन स्वागत करने वालों का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार करेंगे। नबीन रथ में सवार होकर चलेंगे और कार्यकर्ता फूलों से बरसात करते रहेंगे। विमानतल परिसर के पार्किंग तक भाजपा ने बैनर पोस्टर, भाजपा के झंडे नबीन के लिए लगाए हैं, वहीं सुपर कारिडोर, गांधी नगर जहां-जहां वे जा रहे हैं वहां बैनर-पोस्टर, भाजपा के झंडे लगे हैं और सुपर कारिडोर तक भगवा कारिडोर बना है। नबीन के हाथों आज पहला कार्यक्रम इंदौर में स्वामित्व योजना के तहत जमीन का अधिकार देने है। इस योजना में 30 हजार लोगों को लाभान्वित किया जाना है, जिसकी शुरूआत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एवं इंदौर से जुड़े राष्ट्रीय, प्रादेशिक, इंदौर शहर एवं ग्रामीण के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। अलग- अलग विधानसभा की अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा ने इसके लिए 200 बसें भी अधिग्रहण की है। वहीं बस के अलावा निजी वाहनों से भी कार्यकर्ता पहुंचेगे। सुबह समाचार लिखे जाने तक 90 मंच तैयार हो गए थे, कुछ और मंच तैयार हो रहे थे। मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पदाधिकारी सहित अन्य ने बैनर-पोस्टर लगाए हैं, इसमें एक विधायक ने तो हद से ज्यादा बैनर लगा दिए। जीतू जिराती ने भी दो बड़े मंच बनाए है। एक के बाद एक लगे मंचों से विधानसभा वार स्वागत होगा। ग्रामीण विधानसभाओं द्वारा भी स्वागत किया जाएगा। सुमित मिश्रा के बैनरों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, हेमंत खंडेलवाल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ स्वयं मिश्रा का फोटो है, वहीं एक फोटो अलग-अलग विधायकों का लगाया गया है। खास बात यह है कि शहर से जुडे दो मंत्री है लेकिन तुलसीराम सिलावट का फोटो नहीं लगाया गया है। नितिन नबीन दोपहर 1.45 पर इंदौर विमानतल पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष उनका स्वागत करेंगे। 2 बजे से गांधी नगर-सुपर कारिडोर के लिए रैली शुरू होगी। 2.55 पर कार्यक्रम होगा और उसके बाद नबीन उज्जैन के लिए निकलेंगे, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रामघाट पर क्षिप्रा आरती, आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलित करने का कार्यक्रम रखा है, रामघाट पर ही भजन संध्या होगी और रात में महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में भी नितिन नबीन शामिल होंगे। कल सुबह 9.30 बजे उज्जैन से इंदौर रवाना होंगे और 10 बजे इंदौर विमानतल पर पहुंचकर वे यहां से पंजाब के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पूरे समय नबीन के साथ रहेंगे।


निगम आयुक्त ने भी किया दौरा
कार्यक्रम स्थल पर नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सुबह से तैनात है। अलग-अलग टीमें कार्यक्रम के लिए तैयारियों में जुटी है। मुख्य मंच के पीछे प्रदेश में चल रहे अलग-अलग अभियान की प्रदर्शनी लगाई गई है। वहीं आकर्षक सज्जा भी की गई है। आज सुबह निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। उन्होने अलग-अलग टीमों को निर्देश भी दिए।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 17 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




