स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हमेशा पूर्व विधायक अश्विन जोशी कार्यक्रम आयोजित करते रहे। वे अब नहीं है तो भी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसका समाचार कल सिटी ब्लास्ट ने प्रकाशित किया था और इसी देश भक्ति के कार्यक्रम के लिए मीडिया को जानकारी देने में भी कांग्रेस की गुटबाजी साफतौर से नजर आई। विधानसभा 3 में ऐसा लग रहा था कि अब अश्विन जोशी के उत्तराधिकारी कहीं नजर नहीं आएंगे, लेकिन जब उनकी पत्नी मनप्रीत जोशी के नाम से समाचार की जानकारी सामने आई और उसके बाद कल जब मीडिया के समक्ष कार्यक्रम की जानकारी देने अश्विन जोशी के बेटे बिट्टू जोशी सामने आए तो उनका साथ देने अश्विन जोशी के पुराने समर्थक बड़ी संख्या में पहुंचे। विधानसभा 3 में पिंटू जोशी, अरविंद बागड़ी, शैलेष गर्ग को कांग्रेस की ओर से विधानसभा चुनाव में दावेदार माना जा रहा था तभी कल अश्विन जोशी के बेटे बिट्टू ने सामने आकर उम्मीद का नया चेहरा विधानसभा 3 में अचानक सामने ला दिया, समर्थकों ने साथ दिया। वहीं महत्वपूर्ण बात यह हुई कि जीतू पटवारी के निवास पर पिछले माह विधानसभा प्रभारियों और महत्वपूर्ण जिम्मेदारों के साथ जीतू पटवारी ने बैठक ली थी और उस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और 3 नम्बर विधानसभा प्रभारी पिंटू जोशी के बीच गर्म तकरार हुई थी उसी बात का असर भी कल दिखा कि बिट्टू जोशी का साथ देने शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, शहर कांग्रेस संगठन महामंत्री संजय बाकलीवाल और कोषाध्यक्ष शैलेष गर्ग, इम्तियाज बेलिम भी पहुंचे। खास बात यह भी रही कि पिंटू जोशी और उनके सारे समर्थक कल नदारद थे, वे आए नहीं या बुलाया नहीं गया यह स्पष्ट नहीं हो सका। अश्विन समर्थक तो यही कह रहे थे कि पिंटू को बुलाया नहीं गया है। 14 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम और कल की मीडिया से चर्चा को 3 नम्बर विधानसभा की कांग्रेस राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेसी कल यह भी कहते रहे कि पटवारी के निवास पर तकरार के बाद से हुए कार्यक्रम में पिंटू जोशी और उनके ब्लॉक पदाधिकारी सहित अन्य समर्थकों ने दूरी बना रखी थी। कुछ कांग्रेसी यह भी बोले कि पिंटू जोशी यह मान रहे हैं कि विधानसभा 3 से उनका लड़ना फिर से तय है, लेकिन अचानक कल के घटनाक्रम ने सभी को चौंका दिया। कल इस मीडिया जानकारी के बाद से कांग्रेसी कहते दिखे कि अब अश्विन जोशी के उत्तराधिकारी के रूप में बिट्टू जोशी या धर्मपत्नी मनप्रीत भी दावेदारी कर सकती है। बिट्टू ने कल मीडिया से कहा कि पिताजी की स्मृति में होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाना है और उनके पिता ने जो परम्परा सभी के सहयोग से शुरू की थी उसे हम जारी रखेंगे। प्रमुख रूप से विपिन वानखेडे, चिंटू चौकसे, संजय बाकलीवाल, शैलेष गर्ग, अरविन्द बागड़ी, इम्तियाज बेलिम, सत्यनरायाण सलवाडिया, अनवर दस्तक, अंसाफ अंसारी, रफीक खान, दीपू यादव सहित अन्य मौजूद थे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




