सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
देश

निजी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने वाले उद्यमियों को अनुदान मंत्री कश्यप बोले-800 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से मिलेगा लाभ

मध्यप्रदेश में नवीन लघु उद्योगों की स्थापना एवं औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यदि उद्यमी अपने क्षेत्र…

निजी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने वाले उद्यमियों को अनुदान मंत्री कश्यप बोले-800 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से मिलेगा लाभ

मध्यप्रदेश में नवीन लघु उद्योगों की स्थापना एवं औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यदि उद्यमी अपने क्षेत्र में लघु उद्योगों की स्थापना के लिए नया निजी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना बनाते हैं, तो मध्यप्रदेश सरकार द्वारा उन्हें 800 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से अनुदान प्रदान किया जाएगा। यह बात सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री श्री चैतन्य कश्यप ने लघु उद्योग भारती के उद्यम समागम- 2026 के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कही। एमएसएमई मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रदेश में नवीन लघु उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देने के लिए 50 प्रतिशत तक की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। मध्यप्रदेश सब्सिडी वितरण के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्यमियों को सब्सिडी की राशि ऑनलाइन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को भी सरल और त्वरित बनाया गया है तथा लगभग दो माह की अवधि में सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि उद्यमियों को उद्योग स्थापना एवं संचालन के दौरान आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों और प्रदेश में रोजगार के नए अवसरों का सृजन हो। श्री कश्यप ने लघु उद्योग भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समागम केवल विचार-विमर्श के मंच नहीं हैं, बल्कि लघु उद्योगों के विस्तार और उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लघु उद्योगों के विकास के लिए उद्यमियों में जागरूकता और सकारात्मक वातावरण का निर्माण आवश्यक है, जिसके लिए लघु उद्योग भारती निरंतर सक्रियता के साथ कार्य कर रही है। लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मधुसूदन दादू ने कहा कि संगठन देश के 27 राज्यों में सक्रिय है और इसके लगभग 70 हजार सदस्य हैं। छोटे एवं लघु उद्योगों से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं और आवश्यकताओं को सरकार तक पहुंचाने तथा उद्यमी हितैषी नीतियों के निर्माण एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन में लघु उद्योग भारती महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य देशभर के छोटे उद्यमियों को एक मंच उपलब्ध कराना और उनके विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। दादू ने महिला उद्यमिता एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में लघु उद्योग भारती द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि देश में 65 महिला इकाइयां स्वतंत्र रूप से कार्य कर रही हैं। इन इकाइयों के माध्यम से महिलाओं को उद्योग एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अरुण सोनी, वर्षा जैन, वज्जू वगासिया, ताराचंद गोयल, समीर मूंदडा, अतीत अग्रवाल, सीपी दुबे, अशोक अग्रवाल, जितेन्द्र सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें